You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सानिया मिर्ज़ा ने ख़िताब जीता लेकिन नंबर वन रैंकिंग गंवाई
- Author, आदेश कुमार गुप्त
- पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
भारत की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा ने इस साल का अपना पहला महिला युगल वर्ग का ख़िताब तो शनिवार को ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट में जीता, लेकिन अपनी शीर्ष रैंकिंग गंवा दी और उनकी जोड़ीदार बेथानी माटेक सैंडस ने पहली रैंकिंग हासिल कर ली.
सानिया मिर्ज़ा ने अमरीका की बेथानी माटेक सैंडस के साथ मिलकर खेलते हुए महिला युगल वर्ग के फाइनल में रूसी जोड़ी एकातेरिना माकारोवा और एलेना वेस्नीना को बेहद आसानी से 6-2, 6-3 से हराया.
ये भी पढ़ें: पद्म भूषण मिलने से हैरान सानिया मिर्ज़ा
इस टूर्नामेंट में सानिया मिर्ज़ा और बेथानी माटेक सैंडस शीर्ष वरीयता हासिल जोड़ी के रूप खेल रही थी.
टूर्नामेंट में ख़िताबी जीत के बाद अमरीका की बेथानी माटेक सैंडस के महिला युगल रैंकिंग में 8265 अंक हो गए.
इसके साथ ही उन्होंने महिला युगल वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया.
दूसरी तरफ सानिया मिर्ज़ा के अब 8135 अंक हैं.
सानिया मिर्ज़ा को जहां महिला युगल रैंकिंग में अपना पहला स्थान गंवाना पड़ा, वही बेथानी माटेक सैंडस को रैंकिंग में सीधे चार पायदान का लाभ हुआ.
सैंडस पांचवे से सीधे पहले स्थान पर पहुंच गई.
पिछले साल स्विट्ज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का महिला युगल वर्ग का ख़िताब जीतने वाली सानिया मिर्ज़ा की जोड़ी अब उनके साथ टूट चुकी है.
2016 में सानिया मिर्ज़ा और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी महिला युगल वर्ग में पहले नंबर पर थी.
अब मार्टिना हिंगिस भी महिला युगल रैंकिंग में पांचवे स्थान पर पहुंच गई है. उनके 7580 अंक है.
सानिया मिर्ज़ा अब साल के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियन ओपन में चेक गणराज्य की बारबोरा स्ट्राइकोवा के साथ मिलकर खेलेंगी.
सानिया मिर्ज़ा के टेनिस करियर में महिला युगल वर्ग में तब नई ऊंचाई आई जब उन्होंने मार्टिना हिंगिंस के साथ साल 2015 में पहली बार जोड़ी बनाई.
इस जोड़ी ने पहली बार खेलते हुए इंडियन वेल्स टूर्नामेंट का महिला युगल ख़िताब जीता.
उसके बाद इस जोड़ी ने मियामी ओपन जीता और सानिया मिर्ज़ा पहली बार महिला युगल रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंची.
इसके बाद यह जोड़ी कामयाबी की बुलंदियां हासिल करती गई.
साल 2015 में ही जब सानिया-हिंगिस ने फैमिली सर्कल कप में ख़िताब जीता तो पहली बार सानिया मिर्ज़ा महिला युगल वर्ग में नंबर एक भी हो गई.
ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाली वह भारत की पहली टेनिस खिलाड़ी बनी.
इस टूर्नामेंट का आयोजन साल 2015 में छह से 12 अप्रेल तक हुआ था.
और तब से लेकर शनिवार तक यानि लगभग 91 सप्ताह तक महिला युगल रैंकिंग में सानिया मिर्ज़ा नंबर एक बनी रही.
इस दौरान सानिया मिर्ज़ा ने मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के अलावा साल 2015 में विम्बलडन और अमरीकी ओपन का ख़िताब भी जीता.
सानिया मिर्ज़ा इस साल कितनी कामयाबी हासिल करती है इसका अंदाज़ा इसी महीने 18 तारीख से शुरू होने जा रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन से पता चलेगा.
ऑस्ट्रेलियन ओपन में सानिया मिर्ज़ा और उनकी जोड़ीदार चेक गणराज्य की बारबोरा स्ट्राइकोवा को महिला युगल वर्ग में चौथी वरीयता प्रदान की गई है.
इससे पहले यह जोड़ी सिडनी टेनिस टूर्नामेंट में भी खेलेगी.