You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मशहूर है हिमाचल प्रदेश के मलाणा गांव की हशीश
- Author, महक चक्रवर्ती
- पदनाम, बीबीसी ट्रैवल
सिकंदर यूनान का बहुत मशहूर राजा हुआ. उसने बहुत कम उम्र में ही दुनिया के एक बड़े हिस्से पर अपना साम्राज्य क़ायम कर लिया था.
उसकी कामयाबियों की वजह से ही सिकंदर को हमेशा सिकंदर महान कहकर बुलाया जाता है.
पर, क्या इस महान राजा का कोई वंशज अब भी होगा? अगर हां, तो वो कहां हैं?
इस सवाल का जवाब आप को हिंदुस्तान में मिल सकता है. जी हां, भारत में एक गांव ऐसा है जहां के बाशिंदे ख़ुद को सिकंदर का वंशज कहते हैं.
इसके लिए आप को चलना होगा हिमाचल प्रदेश. हिमाचल प्रदेश की पार्वती घाटी, सैलानियों के बीच काफ़ी मशहूर है. यहां लोग विचित्र क़िस्म की पार्टियां करने आते हैं, जहां खुलकर हशीश का इस्तेमाल होता है.
ये हशीश आती है, हिमाचल प्रदेश के मलाणा गांव से. लेकिन आप जब नशाखोरों के धुएं के पार देखें, तो आप को अलग ही मलाणा गांव दिखाई देगा. जहां ऐतिहासिक क़िस्से हैं, रहस्य हैं और कई अनसुलझे सवाल हैं.
हिमालय की चोटियों के बीच स्थित मलाणा गांव चारों तरफ़ से गहरी खाइयों और बर्फ़ीले पहाड़ों से घिरा है. क़रीब 1700 लोगों की आबादी वाला ये गांव सैलानियों के बीच ख़ूब मशहूर है.
दूर-दराज़ से आकर लोग यहां सर्द हवाओं और लंबे-हरे देवदार के दरख़्तों के बीच सुकून भरे दिन गुज़ारते हैं. वो इस दौरान पवित्र कही जाने वाली बूटी छानते हैं, ताकि ज़हन को दुनियावी क़ैद से आज़ाद कर सकें.
हशीश का जादू
मलाणा की हशीश मशहूर है. इसकी बड़ी ख़ूबी ये है कि स्थानीय लोग इसे हाथों से रगड़ कर तैयार करते हैं. वहीं, इसके नशे के शौक़ीन तो पूरी दुनिया में हैं.
मलाणा गांव की ख़ूबी यहां बिकने वाली हशीश ही नहीं है. इस गांव से जुड़े तमाम ऐसे क़िस्से भी हैं, जो लोगों को यहां खींच कर लाते हैं.
कहा जाता है कि जब सिकंदर ने हिंदुस्तान पर हमला किया था, तो उसके कुछ सैनिकों ने मलाणा गांव में पनाह ली थी. भारत में सिकंदर की जंग, पोरस से हुई थी. इस दौरान उसके कुछ घायल सैनिक छुपते-छुपाते, मलाणा गांव आ गए.
कहते हैं कि मलाणा के मौजूदा बाशिंदे, सिकंदर के उन्हीं सैनिकों के वंशज हैं. उस दौर की कई चीज़ें गांव में मिली भी हैं. कहा जाता है कि सिकंदर के ज़माने की एक तलवार गांव के मंदिर में रखी हुई है.
हालांकि अब तक इस गांव के लोगों का सिकंदर के सैनिकों से जेनेटिक गुणों का मिलान नहीं किया गया है. बहुत से स्थानीय लोगों को भी नहीं पता कि इस कहानी की बुनियाद क्या है.
मलाणा में क़रीब एक दशक गुज़ारने वाले फ़िल्मकार, अमलान दत्ता कहते हैं, 'यहां के बाशिंदे सिकंदर के सैनिकों के वंशज हैं, ये बात अब लोग हक़ीक़त मान बैठे हैं. लेकिन इस दावे को सही ठहराने वाले कोई सबूत नहीं मिलते. उस दौर के कुछ हथियार और दूसरी चीज़ें हैं, जो इस गांव का ताल्लुक़ सिकंदर के दौर से ठहराने के तौर पर बताई जाती हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इस कहानी को सही ठहराने वाले सबूत मौजूद हैं.'
मलाणा तक पहुंचना बेहद मुश्किल
लेकिन, सिकंदर के वंशज होने की कहानी को यहां के लोगों की कद-काठी से सही ठहराया जाता है. फिर उनकी ज़बान भी बाक़ी हिमाचली लोगों से अलहदा है. इससे मलाणी लोगों का रहस्य और गहरा हो जाता है.
मलाणी गांव के लोग कनाशी नाम की भाषा बोलते हैं. स्थानीय लोग इसे पवित्र ज़बान मानते हैं. इसे बाहरी लोगों को नहीं सिखाया जाता. ये भाषा दुनिया में कहीं और नहीं बोली जाती. हालांकि स्थानीय लोग हिंदी समझ जाते हैं. मगर, वो उसके जवाब में जो कहते हैं, वो बात कनाशी में होती है और समझ में नहीं आती.
कनाशी भाषा पर एक रिसर्च स्वीडन की उप्पासला यूनिवर्सिटी में हो रही है. ये रिसर्च भाषा की जानकार अंजू सक्सेना की अगुवाई में हो रही है. अंजू कहती हैं, 'कनाशी तेज़ी से विलुप्त हो रही ज़बान है. ये चीनी-तिब्बती भाषा समूह की ज़बान है, जबकि आस-पास के गांवों में इंडो-आर्यन भाषाएं बोली जाती हैं. इनका कनाशी से कोई रिश्ता नहीं है. इस वजह से यहां के लोगों और इनकी भाषा को लेकर कई दिलचस्प सवाल उठते हैं.'
मलाणा तक पहुंचना भी बहुत मुश्किल है. सफ़र इतना कठिन है कि लगता है कि आप अनंत की सैर पर निकले हैं. मलाणा गांव के लिए कोई सड़क नहीं है. पहा़ड़ी पगडंडियों से होते हुए ही यहां तक पहुंचा जा सकता है. पार्वती घाटी की तलहटी में स्थित जरी गांव से यहां तक सीधी चढ़ाई है. जरी से मलाणा तक पहुंचने में क़रीब चार घंटे लग जाते हैं.
मलाणा गांव के लोगों के बाल हल्के भूरे हैं. उनकी नाक लंबी सी है. उनका रंग साफ़ गेहुआं है और कुछ लोगों की त्वचा तो सुनहरी है. मलाणा के लोग हल्के भूरे रंग के चोगे, टोपी और जूट के जूते पहनते हैं. उन्हें देख कर हिमाचली होने का नहीं बल्कि भूमध्य सागर के आस-पास के लोगों का एहसास होता है.
गांव में घुसते ही कुछ किशोर हशीश बेचने की कोशिश करते हैं. इस गांव की अर्थव्यवस्था गांजा और हशीश पर ही टिकी है. हालांकि इस वजह से बहुत कम उम्र में ही बच्चे ड्रग बेचने के धंधे में उतर जाते हैं.
यही वजह है कि गांव के देवता जमदग्नि ऋषि ने स्थानीय लोगों के गुरू के ज़रिए कहलवाया कि गांव के सारे गेस्टहाउस बंद कर दिए जाएं. अब इस गांव में बाहरी लोग केवल दिन में आ सकते हैं.
जमदग्नि ऋषि हिंदू पुराणों के अहम किरदार हैं. लेकिन मलाणा के लोग उन्हें जमलू देवता के नाम से जानते हैं. वो स्थानीय प्रशासन व्यवस्था का अहम अंग हैं.
लोकतांत्रिक व्यवस्था की मिसाल
मलाणा गांव की राजनैतिक-प्रशासनिक व्यवस्था ने दुनिया भर में लोगों को हैरान किया है. उन्हें समझ में नहीं आता कि आख़िर इस पिछड़े, दूर-दराज़ के अलग-थलग गांव में इतनी अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था कैसे शुरू हुई.
मलाणा की लोकतांत्रिक व्यवस्था दुनिया की सबसे पुरानी जम्हूरियत मानी जाती है. ये यूनान की प्राचीन लोकतांत्रिक व्यवस्था से काफ़ी मिलती है. इसमें ऊपरी सदन है और निचला सदन है. लेकिन इस प्रशासनिक व्यवस्था में आध्यात्म का पुट भी है.
गांव में आख़िरी फ़ैसला ऊपरी सदन के हाथ में होता है. इसमें गांव के तीन अहम किरदार होते हैं. इनमें से एक किरदार जमलू देवता का प्रतिनिधि होता है.
हशीश बेचने वाले गांव के एक युवक रोहन ने बताया कि, 'किसी भी मुद्दे पर जमलू देवता की बात आख़िरी होती है. प्रशासिनक व्यवस्था एक परिषद चलाती है. इनमें से एक होता है गुरु, जिसकी आत्मा पर जमलू देवता का राज होता है. जमलू देवता उसी के ज़रिए अपनी बात कहते हैं.'
अमलान दत्ता ने एक और क़िस्सा सुनाया था. जिसके मुताबिक़ जमलू देवता कभी मलाणा में ही रहते थे. उन्हें भगवान शिव ने भेजा था. गांव में दो मंदिर हैं. इनमें से एक मंदिर जमलू देवता का है और दूसरा उनकी पत्नी रेणुका देवी का. गांव के ज़्यादातर घर लकड़ी और ईंट के बने हुए हैं. गांव के बीचो-बीच एक खुली जगह है. यहीं पर परिषद की बैठकें होती हैं. इसी खुली जगह के पास जमलू देवता का मंदिर है. बर्फ़ीले पहाड़ों से घिरा ये मंदिर बहुत आकर्षक लगता है.
लकड़ी के खंबों वाला इस मंदिर के दरवाज़े पर ख़ूबसूरत नक़्क़ाशी है. एक दीवार पर हड्डियां, खोपड़ियां और बलि चढाए गए दूसरे जानवरों के अंग लटके हुए दिखाई देते हैं. मंदिर की एक दीवार पर चेतावनी भी लिखी है. अगर कोई बाहरी इस मंदिर को छूता है, तो उसे 3500 रुपए का जुर्माना भरना पड़ेगा.
चेतावनी का ये बोर्ड साफ़ कर देता है कि वो बाहरी लोगों से ज़्यादा संपर्क नहीं रखना चाहते, ताकि उनकी नस्ल में कोई मिलावट न हो. मलाणा के लोग दूसरे गांवों के बाशिंदों से ज़्यादा संपर्क नहीं रखते. वो हाथ मिलाने और बाहरी लोगों को छूने से भी परहेज़ करते हैं. अगर आप यहां की दुकान से कुछ ख़रीदें, तो दुकानदार सीधे हाथ में पैसे लेने के बजाय उसे रख देने को कहता है, फिर उठाता है.
हालांकि मलाणा की नई पीढ़ी बाहरी लोगों को छूने या गले लगने से उतना परहेज़ नहीं करती, मगर आम तौर पर मलाणा के निवासी बाहरी लोगों से दूरी बना कर रखते हैं. गांव के लोग शादियां भी गांव के भीतर ही करते हैं. अगर कोई गांव से बाहर शादी करता है, तो उसे समाज से बाहर कर दिया जाता है.
हिमाचल के लोग आम तौर पर गर्मजोश होते हैं. लोगों से खाना बांटते हैं और खुलकर बातें करते हैं. लेकिन मलाणा के लोग लंबी गप्पें मारने से गुरेज करते दिखे.
मलाणा गांव की ये ख़ूबियां भी लुभाती हैं. यहां के लोगों के सर्द बर्ताव में भी एक राज़ छुपा है, जो खुलना बाक़ी है.
ये भी पढ़ें:
(नोटः ये बीबीसी ट्रैवल की मूल कहानी का अक्षरश: अनुवाद नहीं है.)
(मूल लेख अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें, जो बीबीसी पर उपलब्ध है.)
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)