You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान, जानिए किसे मिली जगह
क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का एलान मंगलवार को हो गया है.
5 अक्तूबर से क्रिकेट वर्ल्ड कप भारत में खेला जाना है.
15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड के कप्तान रोहित शर्मा रहेंगे और हार्दिक पांड्या उप-कप्तान होंगे.
टीम में शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव होंगे.
संजू सैमसन और तिलक वर्मा को टीम में जगह नहीं मिली है.
चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर श्रीलंका पहुंचे. वहां उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ बैठक में इन नामों को अपनी मंज़ूरी दी.
टीम में केएल राहुल को जगह
क्रिकेट वर्ल्डकप टीम में केएल राहुल को जगह दी गई है. ऐसा कहा जा रहा था कि केएल राहुल को शायद टीम में जगह ना मिले.
केएल राहुल फिलहाल एशिया कप में खेलने के लिए श्रीलंका जाने की तैयारी कर रहे हैं.
चार सितंबर को बेंगलुरू में केएल राहुल का फिटनेस टेस्ट हुआ था, जिसमें पास होने के बाद राहुल अब एशिया कप के होने वाले मैचों में खेल सकेंगे.
वर्ल्ड कप पाँच अक्तूबर को शुरू होगा और फ़ाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
मेज़बान भारत अपना पहला मैच आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ चेन्नई में खेलेगा.
46 दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के लिए 10 शहरों के स्टेडियम चुने गए हैं.
विश्व कप के लिए जो 10 शहर चुने गए हैं, वे हैं- हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरू, मुंबई और कोलकाता.
इस विश्व कप में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी.
ये विश्व कप राउंड रॉबिन फ़ॉर्मेट के आधार पर खेला जाएगा. सभी टीमें एक दूसरे से मैच खेलेंगी.
फिर शीर्ष चार टीमें नॉक आउट स्टेज़ और सेमी फ़ाइनल्स के लिए क्वालिफ़ाई करेंगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)