पंद्रह दिन में पासपोर्ट देने का वादा: चेन

इमेज स्रोत, AFP
चीन और अमरीका बीच हाल के कूटनयिक विवाद की जड़ मानवाधिकार कार्यकर्ता और वकील चेन ग्वांगचेंगको ने बीबीसी के साथ बातचीत में उम्मीद जताई है कि अगले 15 दिन के भीतर उन्हें पासपोर्ट मिल जाएगा.
चीनी मानवाधिकार कार्यकर्ता ने चीन की एक बच्चे की नीति के तहत हो रही भ्रूण हत्याओं के बारे में कई बातें सार्वजनिक की थीं जिसके बाद वे सरकार की आंखों में खटकने लगे थे.
बीबीसी के मार्टिन पेशेंस को अस्पताल से फोन पर दिए इंटरव्यू में चेन ने कहा, "मैने और मेरे परिवार ने अपने पासपोर्ट के आवेदन भर दिए हैं और तस्वीरें अधिकारियों को सौंप दी हैं."
चेन का कहना था, "उन्होंने अधिकारियों ने स्पष्ट दो नहीं किया कि किस दिन तक लेकिन 15 दिन के भीतर पासपोर्ट मिल जाने चाहिए."
स्कॉलरशिप से निकला विवाद का हल
सरकार विरोधी दृष्टिहीन कार्यकर्ता चेन ने बीबीसी को बताया कि इन आवेदन पत्रों को भरने में अधिकारियों ने उनकी मदद की थी.
वर्ष 2010 से घर पर नजरबंध चेन कुछ हफ्ते पहले घर से भाग गए थे और अमरीकी दूतावास पहुँच गए थे.
इसके बाद वे छह दिन तक अमरीकी दूतावास में रहे और फिर उन्हें एक अमरीकी विश्वविद्यालय में स्कॉलरशिप दिया गया.
अमरीका दूतावास छोड़ने के बाद चेन उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुए और उन्होंने कहा कि वे अमरीका जाना चाहते हैं क्योंकि वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
अमरीका का कहना है कि चेन और उनके परिवार के वीजा तैयार हैं.
































