You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'सोने की तरह चमकने लगेगा देश'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नोटबंदी के बाद उन्होंने जनता से 50 दिन का जो समय मांगा है, उसके बाद देश 'सोने की तरह चमक उठेगा'. इस ख़बर को 'इंडियन एक्सप्रेस' ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
आगरा में बीजेपी की परिवर्तन रैली में आए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा नोटबंदी के उनके फ़ैसले पर हल्ला वो लोग मचा रहे हैं जो भष्टाचार में लिप्त हैं.
उन्होंने लोगों से कहा, 'आपकी तपस्या बेकार नहीं जाएगी, देश सोने की तरह तप कर बाहर निकलेगा.'
इंडियन एक्सप्रेस ने नोटबंदी से जुड़ी एक और ख़बर छापी है जिसके अनुसार मज़दूरी की आस में गुड़गांव के लेबर चौक में आने वाले संजीव कुमार को बीते 7 दिनों से कोई काम नहीं मिला है.
कभी काम मिलता भी है तो मज़दूरी पुराने नोटों में मिलती है जिसे बैंक खाता और पहचान पत्र न होने के कारण, ना तो वो बैंक में जमा कर सकते हैं और न ही बदलवा सकते हैं.
यही हाल काम की तलाश में वहां आने वाले कई और मज़दूरों का भी है. काम के अभाव में ये मज़दूर मंदिरों में खाना खा रहे हैं.
'दैनिक भास्कर' ने कानपुर ट्रेन हादसे से पीड़ित 6 लोगों की कहानियों को पहले पन्ने पर जगह दी है. इनमें से एक कहानी है 20 साल की रूबी गुप्ता की जिनकी शादी 10 दिन बाद होने वाली है. रूबी अपने परिवार के साथ इंदौर से मऊ जा रही थीं.
अख़बार के अनुसार हादसे में रूबी का एक हाथ टूट गया है. वो अपने टूटे हुए हाथ के साथ ही अपने पिता को ढ़ूंढ़ती रहीं.
उनके पिता का कोई पता नहीं चल पाया. साथ ही शादी का सामान यानी गहनों और कपड़ों का भी कुछ पता नहीं चल पाया है.
'हिंदुस्तान टाइम्स' अख़बार में छपी एक ख़बर में दावा किया गया है कि मानव संसाधन मंत्रालय ने एक प्रस्ताव पारित किया है जिसके तहत ख़राब प्रदर्शन करने वाले बच्चों को कक्षा 5 तक फेल नहीं किया जाएगा.
इस प्रस्ताव पर दोबारा विचार करने के लिए इसे क़ानून मंत्रालय के पास भेजा गया है.
अख़बार कहता है कि इस प्रस्ताव के अनुसार राज्य सरकार इस बात पर भी फ़ैसला ले सकती है कि कक्षा 6 में क्या नीति अपनाई जाए.
'जनसत्ता' में छपी एक ख़बर के मुताबिक़ भारत में प्रदूषित हवा सुधारने के लिए यूरोपीय संघ भारत की मदद करेगा.
अख़बार के अनुसार दिल्ली और अन्य शहरों में प्रदूषण के कारण पैदा हुई खराब स्थिति के बीच यूरोपीय संघ ने भारत में वायु की गुणवत्ता सुधारने के लिए अपनी तकनीकी विशेषज्ञता की मदद की पेशकश की है.
इसके तहत यूरोपीय संघ जनवरी में तीन शहरों में एक परियोजना शुरू करेगा ताकि प्रदूषण के प्रभावी उपायों उठाने की दिशा में अधिकारियों की मदद की जा सके.
'जनसत्ता' में छपी एक और ख़बर के अनुसार नासिक के एक सफाई कर्मचारी ने एसबीआई (स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया) को पत्र लिख कर कहा है कि जैसे बैंक ने विजय माल्या का कर्ज़ माफ़ किया है उनका देढ़ लाख का भी कर्ज़ा माफ किया जाए.
ये कर्ज़ा उन्होंने अपने बीमार बेटे के इलाज के लिए लिया था.
ऐसा उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एसबीआई के कथित तौर पर माल्या की कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस का कर्ज़ समेत कुल 7,000 करोड़ रुपये माफ़ करने पर उठे विवाद के बाद किया.
हालाँकि वित्त मंत्री अरुण जेटली संसद में स्पष्ट कर चुके हैं इस मामले में कर्ज़ को केवल बुक्स में अलग अकाउंट में रखा गया है और माल्या के ख़िलाफ़ कार्रवाई जारी रहेगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)