You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
प्रेस रिव्यू: 'आरएसएस की तर्ज़ पर कांग्रेस बनाएगी संघ'
'जनसत्ता' में छपी एक ख़बर के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री असलम शेर खान ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में साल 2018 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को टक्कर देने के लिए वो 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ' की तर्ज पर 'राष्ट्रीय कांग्रेस स्वयंसेवक संघ' यानी आरसीएसएस बनाएंगे.
अख़बार के अनुसार उन्होंने 'राष्ट्रीय कांग्रेस स्वयंसेवक संघ' के गठन की घोषणा की और कहा ये संगठन ठीक उसी तरह से कांग्रेस की मदद करेगी, जैसे आरएसएस चुपके-चुपके चुनावों में बीजेपी की सहायता करती है.
उन्होंने कहा कि आरएसएस स्वयंसेवकों की तरह आरसीएसएस के स्वयंसेवकों का कोई परिधान नहीं होगा.
अग्रेज़ी के अख़बार 'हिंदुस्तान टाइम्स' में छपी एक ख़बर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने देश में भारत स्टेज 3 गाड़ियों की बिक्री पर रोक लगा दी है. यह रोक 1 अप्रैल से लागू होगी.
अख़बार के अनुसार जज एमबी लोकूर और दीपक गुप्ता ने कहा है कि ऑटोमोबाइल कंपनियों के व्यापार के हितों या उन्हें होने वाले नुकसान से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है आम नागरिकों की स्वास्थ्य.
अख़बार में छपी एक और ख़बर के अनुसार दिल्ली के लेफ़्टिनेंट गवर्नर अनिल बैजल ने आम आदमी पार्टी से 97 करोड़ रुपए की भरपाई करने का निर्देश दिया है.
आरोप है कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अपने प्रचार में यह पैसा खर्च किया है जो कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है.
बैजल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के प्रचार में खर्च किए गए पैसे को लेकर जांच का भी आदेश दिया है. इस मामले में उन्होंने मुख्य सचिव को जांच सुनिश्चित करने के लिए कहा है.
'डेली पायनियर' में छपी एक ख़बर के अनुसार 'मीटबंदी' अब एक अलग ही रूप लेता जा रहा है.
दिल्ली से सटे गुरूग्राम (जिसे गुड़गांव के नाम से जाना जाता था) में खुद को शिव सेना का कार्यकर्ता कहने वाले कुछ लोगों ने करीब 500 मीट की दुकानें बंद करवा दी हैं.
जबरन बंद करवाई गई दुकानों में चिकन बेचने वेली कंपनी केएफसी भी शामिल है.
इन लोगों का कहना था कि नवरात्रि के त्योहार के समय मीट की बिक्री रोक दी जानी चाहिए और केवल शाकाहारी खाना ही मिलना चाहिए.
'दैनिक भास्कर' ने संसद में सांसद रूपा गांगुली और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के फ़ुटबॉल से खेलने की तस्वीरें छापी हैं.
अख़बार लिखता है कि संसद में फुटबॉल खेल कर 1 करोड़ 10 लाख बच्चों के लिए मिशन 11 मिलियन की शुरूआत की गई है. इस योजना के तहत 15 हज़ार स्कूलों में 1 करोड़ 10 लाख बच्चों को फुटबॉल खेलने का मौका दिया जाएगा.
खेल मंत्री विजय गोयल ने संसद में फुटबॉल बांटी और कहा कि फीफा अंडर-17 फुटबॉल विश्वकप से देश में फुटबॉल को काफी बढ़ावा मिलेगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)