रिलायंस रीटेल में हिस्सेदारी खरीद सकता है अमेज़ॉन- प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, REUTERS/Adnan Abid/File Photo
अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक ख़बर के अनुसार रिलायंस के खुदरा व्यापार में 40 फीसदी हिस्सेदारी के बदले अमेज़ॉन 20 अरब डॉलर तक का निवेश कर सकता है.
अख़बार ने ब्लूमबर्ग के हवाले से लिखा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज़ जियो प्लेटफॉर्म के लिए 20 अरब डॉलर का फंड जुटाने के बाद कंपनी अब रिलायंस रीटेल वेन्चर्स लिमिटेड में अमेज़ॉन को 40 फीसदी की हिस्सेदारी बेच सकता है.
क़रीब एक महीने पहले भारत की सबसे बड़ी खुदरा व्यापार कंपनी रिलायंस रीटेल ने फ्यूचर ग्रूप के खुदरा व्यापार को खरीद कर इस सेक्टर में अपनी स्थिति और भी मज़बूत कर ली थी.
ब्लूमबर्ग ने एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट छापी है कि इस संबंध में अमेज़ॉन और रिलायंस के बीच बातचीत जारी है. हालांकि सूत्र का कहना है कि अब तक इस पर कोई फ़ैसला नहीं हो पाया है और इस बात की संभावनाएं भी हैं कि किसी तय क़ीमत तक न पहुंच पाने की सूरत में से सौदा न हो.
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार बाज़ार में इस ख़बर के आने के बाद रिलायंस कंपनी के शेयर में 7.14 फीसदी की बढ़त देखी गई. जिसके साथ ही कंपनी का बाज़ार मूल्य 15 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया और ऐसा करने वाली पहली कंपनी बन गई है.
बाज़ार मूल्य के मामले में रिलायंस के बाद दूसरे नंबर पर टेक्नॉलॉजी कंपनी टीसीएस है जिसका बाज़ार मूल्य 8.74 लाख करोड़ रुपये है. भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नियमों के अनुसार विदेशी कंपनी देश की किसी मल्टी-ब्रांड खुदरा व्यापार में अधिकतम 51 फीसदी तक का निवेश कर सकती है.

इमेज स्रोत, Pallava Bagla/Corbis via Getty Images
भारत और जापान के बीच सैन्य समझौता
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी एक ख़बर के अनुसार हिंद महासागर में अपनी रणनीतिक पहुंच बढ़ाने के लिए और भारत-प्रशांत इलाक़े में चीन के प्रभुत्व बढ़ाने की कोशिशों से निपटने के लिए भारत और जापान के बीच अहम सहमति बन गई है.
इसके बाद अब भारत-प्रशांत इलाक़े में दोनों देशों के बीच एक दूसरे के युद्धपोतों और विमानों के लिए सैन्य सहयोग बढ़ाया जाएगा. जापान ऐसा छठा देश है जिसके साथ इस तरह के सैन्य सहयोग के लिए भारत ने करार किया है.
इससे पहले अमरीका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर के साथ इस इलाक़े में सैन्य सहयोग बढ़ाने को लेकर भारत करार कर चुका है.
अख़बार के अनुसार गुरुवार को एक आला अधिकारी ने बताया कि भारत ब्रिटेन और रूस के साथ भी इसी तरह के सहयोग के लिए बातचीत आगे बढ़ा रहा है और हो सकता है कि इस साल के आख़िर तक रूस के साथ किसी सहमति पर पहुंचा जा सके.
आला अधिकारी ने अख़बार से कहा कि चीन की तरह भारत देश के बाहर समुद्र में किसी तरह का सैन्य अड्डा बनाने की इच्छा नहीं रखता. भारतीय सेना और जापान की सेल्फ-डिफेन्स फोर्सेस के बीच के इससे संबंधित करार पर रक्षा सचिव अजय कुमार और जापान के राजदूत सुज़ुकी सतोशी ने दस्तख़त किए हैं.

इमेज स्रोत, The India Today Group
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने आरजेडी से तोड़ा नाता
अख़बार द टेलीग्राफ़ में छपी एक ख़बर के अनुसार बिहार में लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. हालांकि उनके इस्तीफे के बाद लालू प्रसाद यादव ने तुरंत उन्हें लिखा कि 'आप कहीं नहीं जा रहे हैं. '
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनावों से ठीक पहले आया ये इस्तीफ़ा पार्टी के लिए बड़ा झटका है. कयास ये लगाए जा रहे हैं कि लंबे समय तक आरजेडी में रहने वाले रघुवंश प्रसाद अब नीतिश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम सकते हैं.
अख़बार के अनुसार बिहार की राजनीति में 74 साल के रघुवंश प्रसाद का अपना अलग ही स्थान है. लालू के बाद आरजेडी में वो दूसरे सबसे लोकप्रिय नेता माने जाते रहे हैं. गुरुवार को रघुवंश प्रसाद ने लालू के लिखे एक नोट के ज़रिए अपना इस्तीफ़ा सौंपा.
उन्होंने लिखा, "जन नायक कर्पूरी ठाकुर की मौत के बाद मैं 32 सालों तक आपके पीछे डटकर खड़ा रहा, लेकिन अब और नहीं. पार्टी, पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और आम लोगों ने मुझे बहुत स्नेह दिया, लेकिन अब मुझे माफ करें."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
अख़बार के अनुसार इसके कुछ घंटों बाद लालू का लिखा एक नोट पार्टी ने रिलीज़ किया जिसमे कहा गया था, "आपके हवाले से एक नोट मीडिया में दिख रहा है. मैं और मेरा परिवार चाहता है कि आप जल्द स्वस्थ हों और हमारी बीच हों. बीते चार दशकों में हमने राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक मुद्दों पर आपस में बैठ कर बात की है. हम एक बार फिर इस मामले पर बैठ कर बात करेंगे. आप कहीं नहीं जा रहे हैं."
अख़बार के अनुसार सांस लेने में दिक्कत के बाद फिलहाल वो दिल्ली के एम्स में अपना इलाज करवा रहे हैं. इससे पहले वो कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं.
साल 2006 में गांव में लोगों का सौ दिन का रोज़गार देने की महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार योजना की अवधारणा और कार्यान्वयन का श्रेय उन्हीं को जाता है. वैशाली से सांसद रहे रघुवंश प्रसाद उस दौरान मनमोहन सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री थे.

इमेज स्रोत, REUTERS/Neil Hall/File Photo
महामारी के दौर बढ़ा सोने में निवेश
अख़बार इकोनॉमिक्स टाइम्स में छपी एक ख़बर के अनुसार केंद्रीय रिज़र्व बैंक और एसोसिएशन ऑफ़ में म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया ने कहा है कि मौजूदा वित्त वर्ष में निवेशकों ने सोवरेन गोल्ड बॉन्ड की पहली छह सिरीज़ में 10,130 करोड़ रुपये का निवेश किया है.
निवेश का ये दौर भी गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड में भी जारी रहा है और इसमें निवेशकों ने 3,900 करोड़ रुपयों का निवेश किया है.
अख़बार के अनुसार इसकी तुलना में बीते साल निवेशकों ने गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड में 75 करोड़ रुपये और सोवरेन गोल्ड बॉन्ड में 5,741 करोड़ का निवेश किया है. बीते साल साल में सोने की क़ीमत में क़रीब 31 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है.
अख़बार लिखता है कि वेल्थ मैनेजरों के अनुसार निवेशकों का मानना है कि एक तरफ बाज़ार में इक्विटी निवेश में अनिश्चितता के कारण इसमें निवेशकों का भरोसा कम हुआ है, वहीं दूसरी तरफ वो मान रहे हैं कि सोना बेहतरीन निवेश में से एक है और ये भविष्य में अच्छा लाभ देगा.
माना जा रहा है कि कोरोना महामारी के कारण पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है. भारत में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू ज़रूर हो चुकी है लेकिन अर्थव्यवस्था कब तक पूरी तरह से सामान्य हो पाएगी इसे लेकर अभी भी अनिश्चतता बरकरार है.
इन सबके बीच बैंकों ने फिक्स्ड डिपोज़िट की दरें भी कम कर दी गई हैं. ऐसे में जानकारों का मानना है कि भविष्य को देखते हुए निवेशक सोने की कीमतों पर भरोसा कर रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
















