दिल्ली धमाकों में गिरफ़्तारी

वर्ष 2008 का दिल्ली धमाका
इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस को 13 चरमपंथियों की तलाश है
    • Author, रामदत्त त्रिपाठी
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

उत्तर प्रदेश की पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने वर्ष 2008 में दिल्ली में हुए कई धमाकों के मामले में एक चरमपंथी शहजाद को गिरफ़्तार किया है.

पुलिस का कहना है कि शहजाद की दिल्ली धमाकों के सिलसिले में तलाश थी.

शहजाद को उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ से गिरफ़्तार किया गया है.

प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने सोमवार देर शाम को एक संवाददाता सम्मेलन में इस गिरफ़्तारी की जानकारी दी.

तलाश

पुलिस को दिल्ली धमाकों के सिलसिले में शहजाद समेत 13 चरमपंथियों की तलाश है. दिल्ली पुलिस ने शहजाद पर पाँच लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी.

बृजलाल ने बताया कि आज़मगढ़ के कई युवकों की धमाकों के सिलसिले में तलाश है. उत्तर प्रदेश पुलिस शहजाद की गिरफ़्तारी को बहुत बड़ी उपलब्धि मान रही है.

शहजाद को राजधानी लखनऊ लाया जा रहा है, जहाँ आतंकवाद निरोधक दस्ते के अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे.

दिल्ली पुलिस को शहजाद की गिरफ़्तारी की सूचना दे दी गई है.