बिहार में दो रेलगाड़ियों में टक्कर

- Author, मणिकांत ठाकुर
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार में समस्तीपुर के पास गुरुवार देर शाम दो रेलगाड़ियों में टक्कर हो गई, लेकिन रेलवे अधिकारियों के मुताबिक़ कोई हताहत नहीं हुआ है.
लेकिन दूसरी ओर घटनास्थल से प्राप्त सूचना के मुताबिक़ कुछ लोगों को चोटें आई हैं.
ये रेल दुर्घटना उस समय हुई, जब पटरी में कथित ख़राबी के चलते ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन के चार डब्बे पटरी से उतर गए.
ये डब्बे बगल की रेल पटरी की ओर झुक गए. सामने से आती हुई गंगासागर एक्सप्रेस ट्रेन उन चार डब्बों से टकरा गई.
व्यवस्था
इस कारण वे डब्बे दूर तक घिसटते रहे. चूँकि पटरी से उतरी ट्रेन के यात्री डब्बे से निकल गए थे, इसलिए इस टक्कर में किसी की जान नहीं गई.
सोनपुर रेलखंड के डीआरएम एमके अग्रवाल के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रेनों के यात्रियों को बगल के स्टेशन पर सुरक्षित पहुँचाने का प्रबंध किया जा रहा है.
ख़बर है कि पटरी से उतरी ट्रेन के इंजन में घर्षण की वजह से आग लग गई थी. इस दुर्घटना के कारण समस्तीपुर और मुज़फ़्फ़रपुर रेलखंड पर रेल सेवा बाधित हो गई है.
अधिकारियों ने कंट्रोल रूम का एक नंबर जारी किया है. नंबर है 09771429999. इस नंबर पर यात्रियों के परिजन संपर्क कर सकते हैं.
































