ट्रेन दुर्घटना में 25 लोग घायल

इमेज स्रोत, BBC World Service
मध्य प्रदेश में विदिशा के निकट एक ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण कम से कम 25 लोग घायल हो गए हैं.
घायलों में पाँच की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मुंबई-प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस उस समय पटरी से उतर गई जब वो सौरई और सुमेर स्टेशन के बीच में थी.
घटना सुबह 6.20 बजे के आसपास की है.
असर
डिविज़नल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) घनश्याम सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि इस ट्रेन के छह डब्बे पटरी से उतरे हैं और कम से कम 25 लोग घायल हैं.
लेकिन सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता अनिल कुमार सक्सेना ने बताया है कि इस हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पाँच लोगों की हालत गंभीर है.
एक चिकित्सा टीम मौक़े पर पहुँच गई है और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है.
इस हादसे के कारण दिल्ली और भोपाल के बीच रेल सेवा पर असर पड़ा है.
































