उड़ीसा में ट्रेन हादसा: 26 ज़ख़्मी

उड़ीसा के बोलांगीर ज़िले में कोरापट-राउरकेला एक्सप्रेस ट्रेन एक मालगाड़ी ट्रेन से टकरा गई है.
इस हादसे में कम से कम 26 लोग घायल हो गए हैं.
पुलिस के मुताबिक़ घटना बुधवार की सुबह बोलांगीर ज़िले के सिकिर रेलवे स्टेशन के पास हुई.
बोलांगीर ज़िले के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सारंगी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि घटना उस वक़्त हुई जब मालगाड़ी ट्रेन सिकिर स्टेशन से निकल रही थी और कोरापट-राउरकेला एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन में घुस रही थी और दोनों ही ट्रेनें एक ही पटरी पर आ गई.
एक ही पटरी पर होने के कारण दोनों ट्रेनों में सीधे टक्कर हो गई जिसमें 26 लोग घायल हो गए.
गंभीर हालत
पुलिस अधीक्षक के अनुसार घायलों को पास के तितलागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है.
मदद के लिए तितलागढ़ से एक ट्रेन को घटना स्थल के लिए भेज दी गई है.
टक्कर होने से कुछ ही देर पहले कोरापट-राउरकिला एक्सप्रेस ट्रेन तितलागढ़ स्टेशन पर रूकी थी और सिकिर स्टेशन पर उस ट्रेन को नहीं रूकना था.
































