मुठभेड़ में एक जवान की मौत, दो घायल

एक तरफ जहाँ राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल रायपुर में नक्सलियों से हिंसा छोड़ने की अपील कर रहीं थीं वहीँ राज्य के बस्तर संभाग में माओवादियों के साथ हुई एक मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान मारा गया जबकि दो अन्य जवान घायल बताए गए हैं.
यह सभी पुलिस के जवान जगदलपुर के बायानार में तैनात थे और शुक्रवार की दोपहर इलाके में नियमित अभियान में निकले हुए थे.
पुलिस का कहना है कि माओवादियों नें घात लगा कर पुलिस वालों पर हमला किया जिसमे तीन जवानों को गोली लगी है.
घायलों में से एक जवान नेल्सन मिंज की जगदलपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
इससे पहले राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल नें अपने दो दिवसीय रायपुर प्रवास के क्रम में माओवादियों से अपील जारी करते हुए उन्हें हिंसा छिड़ने की सलाह दी.
प्रतिभा पाटिल का कहना था कि नक्सली और जितने भी गुट हिंसा में संलिप्त हैं वह शान्ति का रास्ता अपनाकर वार्ता करें. राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ विधान सभा के सेन्ट्रल हाल के उदघाटन के अवसर पर सदन को संबोधित कर रहीं थीं.
प्रतिभा पाटिल ने कहा, "किसी भी सभ्य समाज में हिंसा की कोई जगह नहीं होती है."
हिंसा पर चिंता
राष्ट्रपति नें कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों में काफी हिंसक वारदातें हुईं हैं जिसमे सुरक्षा बल के कई जवान मारे गए है,
शुक्रवार की देर शाम प्रतिभा पाटिल अपने पति के साथ मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने पहुँचीं.
शनिवार को वह रायपुर नगर निगम के नव निर्मित भवन का उदघाटन भी करेंगी. यह पहला मौक़ा है जब किसी भी राष्ट्रपति नें छत्तीसगढ़ में इतना लंबा समय बिताया हो.
शनिवार को रिसेप्शन यानी के प्रीतिभोज का आयोजन शहर के साइंस कालेज के प्रांगण में होगा.
जहाँ इस प्रांगण में विशिष्ट अतिथियों के लिए वातानुकूलित पंडाल बनकर तय्यार है वहीँ दूसरे मेहमानों के लिए बनाए गए पंडालों में छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति को दर्शाने के लिए दर्जनभर कलाकारों नें रात दिन मेहनत की है.
प्रीतिभोज में आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा सभी प्रमुख राजनितिक दलों के नेता शामिल हो रहे हैं.
































