अन्ना हज़ारे तिहाड़ से बाहर, रामलीला मैदान यात्रा शुरू

इमेज स्रोत, AFP
भारत में भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम की अगुवाई कर रहे गांधीवादी नेता अन्ना हज़ारे जेल से बाहर आ गए हैं.
प्रोग्राम के मुताबिक़ वो यहां से केंद्रीय दिल्ली स्थित रामलीला मैदान जाएंगे जहां उनका 15 दिनों का अनशन शुरू होगा.
क़रीब 11.40 सुबह में जेल के गेट से बाहर आने के बाद अन्ना हज़ारे, अपने समर्थकों अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ गेट के साथ बचे मंच पर गए जहां से उन्होंने अपनी दोनों भुजाएं उठाकर लोगों का अभिवादन किया.
सुबह हुई बारिश के बावजूद जेल के सामने सैकड़ों समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. हालांकि जब अन्ना हज़ारे जेल से बाहर आए तब तक बारिश ख़त्म हो गई थी.
शोर-शराबा
हज़ारे ने मंच से एक छोटा सा भाषण दिया लेकिन उसे लोगों की भीड़, जय-जयकार और शोर-शराबे के बीच सुनना मुश्किल था.
भाषण की शुरआत उन्होंने 'भारत माता की जय' से शुरू की. जिसके बाद इंक़लाब-ज़िंदाबाद के नारे लगे.
लोग 'अन्ना हम तुम्हारे साथ हैं' के नारे लगा रहे थे.
अन्ना हज़ारे ने कहा कि चाहे वो रहें या न रहें भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ ये मशाल जलती रहनी चाहिए.
आंदोलन के समर्थकों के भेजे मोबाईल संदेश में कहा गया है कि वो तिहाड़ से मायापुरी चौक तक पदयात्रा करेंगे, फिर राजघाट होते हुए इंडिया गेट और रामलीला मैदान पहुंचेंगे.
तमाशेबीन
बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्य का कहना है कि यात्रा अब मायापुरी चौक के रास्ते में है और सड़क के दोनों किनारों पर भारी भीड़ जमा है जिसकी वजह से ट्रैफ़िक बहुत धीमा हो गया है.
उन्होंने बताया कि हालांकि यात्रा के आसपास एक बड़ी भीड़ दिखाई देती है लेकिन इसमें तमाशेबीन ज़्यादा हैं.
उनका कहना था कि लोग मोबाइल पर विडियो बना रहे हैं और लगता है काफ़ी बच्चे भी स्कूल छोड़कर इधर आ गए हैं जिन्हें उनकी यूनीफ़ार्म से साफ़ पहचाना जा सकता है.
































