परमाणु सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय बैठक

परमाणु सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत करने के मक़सद से दुनिया के क़रीब 50 देशों के प्रतिनिधियों का दो दिवसीय सम्मेलन नई दिल्ली में हो रहा है.
इस सम्मेलन में दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में मार्च में होने वाले परमाणु सुरक्षा सम्मेलन से पहले अंतरराष्ट्रीय वार्ताकार नए समझौते को शक्ल देने पर बातचीत करेंगे.
ये बैठक मार्च में सोल में होने वाली उस बैठक से पहले की तैयारी के रूप में है, जिसमें परमाणु आतंकवाद के ख़िलाफ़ एक कार्य योजना तैयार की जानी है.
सोल में होने वाले सम्मेलन से पहले परमाणु सुरक्षा के शेरपा यानी प्रमुख वार्ताकार भारत आ रहे हैं. इसमें 49 देशों के वार्ताकार और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी समेत चार अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी होंगे.
चौथी बैठक
मार्च में सोल में होने वाली शिखर बैठक से पहले नई दिल्ली की ये बैठक इस श्रृंखला की चौथी बैठक है. इससे पहले सोल, हेलसिंकी और ब्यूनस आयर्स में वार्ताकारों की इस तरह की बैठकें हो चुकी हैं.
भारत पहला विकासशील देश है, जो इस बैठक को आयोजित कर रहा है.
बैठक में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में विदेश सचिव रंजन मथाई हिस्सा ले रहे हैं.
इस बैठक का मक़सद यही है कि परमाणु आतंकवाद को रोकने के लिए एक व्यापक रणनीति बनाई जाए, जिसे आगामी 26-27 मार्च को दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में होने वाली बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा.
































