रूसी अधिकारी से मुलाक़ात पर बोले ट्रंप, 'फ्लिन ने जो किया, वो वैध है'

इमेज स्रोत, AFP
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का कहना है कि पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ़िन ने 2016 में राष्ट्रपति चुनावों के बाद जो कुछ किया वो वैध था.
माइकल फ़्लिन ने राष्ट्रपति चुनावों में रूस के दख़ल की जांच कर रही समिति के साथ समझौता कर लिया है और अब वो ग़वाह बन गए हैं.
आरोप हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप की टीम ने रूसी अधिकारियों से संपर्क किया था.
एक ट्वीट में ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने उपराष्ट्रपति और एफ़बीआई से झूठ बोलने की वजह से फ़्लिन को पद से हटाया था.
अपने ट्वीट में ट्रंप ने कहा, "मुझे जनरल फ्लिन को हटाना पड़ा क्योंकि उन्होंने उपराष्ट्रपति और एफ़बीआई से झूठ बोला था. उन्होंने उस झूठ का दोष भी स्वीकार कर लिया है. ये शर्मनाक है क्योंकि सत्ता परिवर्तन के दौरान उन्होंने जो किया वो वैध था. इसमें छुपाने जैसा कुछ नहीं था."
2016 में हुई थी मुलाक़ात
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
ट्रंप का कहना है कि सत्ता परिवर्तन के दौरान उनकी टीम ने जो कुछ भी किया उसमें छिपाने जैसा कुछ भी नहीं है.
फ़्लिन ने पूछताछ में तत्कालीन रूसी राजदूत सर्गेई किसलयाक के साथ दिसंबर 2016 में हुई मुलाक़ात के बारे में एफ़बीआई से झूठ बोलने के आरोप स्वीकार कर लिया है.
माना जा रहा है कि फ्लिन ट्रंप प्रशासन के अन्य शीर्ष लोगों के ख़िलाफ़ सबूत दे सकते हैं.
फ्लिन पर आरोप है कि उन्हें ट्रंप की सत्ता परिवर्तन टीम के एक शीर्ष व्यक्ति ने रूस के अधिकारियों से मुलाक़ात करने के लिए निर्देशित किया था.
ट्रंप के दामाद का नाम चर्चा में

इमेज स्रोत, Reuters
अमरीका के कई मीडिया संस्थानों ने कहा है कि जिस वरिष्ठ अधिकारी की बात की जा रही है वो कोई और नहीं बल्कि ट्रंप के दामाद और सलाहकार जेरेड कुशनर ही हैं.
अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसियों का कहना है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीकी चुनावों को ट्रंप के समर्थन में प्रभावित करने के आदेश दिए थे.
राष्ट्रपति ट्रंप अपने चुनाव अभियान या सत्ता परिवर्तन दल के रूस से प्रभावित होने के आरोपों को नकारते रहे हैं.
माइकल फ़्लिन ने फरवरी में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












