You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में आज चुनाव हो तो बीजेपी 10 सीट नहीं जीतेगी"

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में बरी होने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में आज चुनाव हो तो बीजेपी 10 सीट नहीं जीतेगी"

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में बरी होने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर साज़िश रचने के आरोप लगाए.

    पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देता हूं कि दिल्ली में दोबारा चुनाव करवाकर दिखाएं. यदि बीजेपी की 10 से ज़्यादा सीट आ जाएं तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा."

    केजरीवाल ने कहा “पिछले चार साल से ईडी, सीबीआई और दूसरी एजेंसियों के इस्तेमाल से हमारे ऊपर कथित शराब घोटाले का आरोप लगाया गया. सीबीआई और ईडी ने इस मामले में चार्जशीट दाख़िल की. अभी ट्रायल शुरू भी नहीं हुआ था. कोर्ट को सिर्फ़ यह देखना था कि ट्रायल आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त सामग्री है या नहीं. कोर्ट ने कहा ऐसा एक भी सबूत नहीं है जिसके आधार पर ट्रायल चलाया जा सके.”

    उन्होंने आरोप लगाया, "यह पूरा षड्यंत्र दो लोगों ने मिलकर रचा. प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने मिलकर आम आदमी पार्टी को ख़त्म करने की साज़िश रची. आज उन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए. मैंने सिर्फ़ ईमानदारी कमाई है, पैसा नहीं."

    गौरतलब है कि शनिवार को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल को सभी आरोपों से बरी कर दिया है.

  2. देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आपत्तिजनक संदेश लिखने का वीडियो वायरल, एफ़आईआर दर्ज हुई, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे कुछ लोगों ने एक धर्म विशेष के लिए आपत्तिजनक संदेश लिखे हैं. पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.

    जिस जगह पर नारे लिखे गए हैं, वह इलाका बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले के तहत आता है.

    इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ महिलाएं देहरादून के मोहण्ड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड रोड के किनारे पेंट से विवादित संदेश लिख रही हैं.

    वीडियो में उन्हें लिखते हुए दिखाया जा रहा है- "यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है." इसे हिन्दी और अंग्रेजी में लिखा जा रहा था.

    मामले पर सहारनपुर के एसपी (ट्रैफ़िक) शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बीबीसी हिंदी को बताया कि घटना के संबंध में एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.

    हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, "सड़कें हिंदुओं के टैक्स से बनती हैं और मुसलमानों को नेशनल हाईवे पर चलने का अधिकार नहीं होना चाहिए."

    हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है, “देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हमारे कार्यकर्ताओं ने जो लिखा है वो सही लिखा है."

    वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

  3. अफ़ग़ान तालिबान और पाकिस्तान के संघर्ष पर चीन ने क्या कहा

    अफ़ग़ान तालिबान और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष पर चीन का बयान आया है.

    चीन ने दोनों से कहा है कि वे बातचीत के ज़रिए मतभेद को ख़त्म करें.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, चीन के विदेश मंत्रालय ने अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव पर 'गहरी चिंता' व्यक्त की.

    चीन के विदेश मंत्रालय ने दोनों से कहा, "बातचीत और समझौते के ज़रिए मतभेद और विवाद ख़त्म करें."

    मंत्रालय ने कहा, "चीन अपने साधनों से इस विवाद में मध्यस्थता करने की कोशिश कर रहा है. तनाव कम करने और आपसी रिश्ते सुधारने में भूमिका निभाने के लिए तैयार है."

    चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, "पड़ोसी और दोस्त होने के नाते चीन इस तनाव को लेकर बहुत चिंतित है. इस संघर्ष में लोगों की जान जाने से दुखी है. अगर हालात और बिगड़े तो दोनों पक्षों को नुक़सान होगा."

    बयान में यह भी कहा गया कि दुश्मनी ख़त्म करना "दोनों देशों और उनके लोगों के बुनियादी हित में है और इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहेगी."

  4. अफ़ग़ानिस्तान से तनाव के बीच पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने इन देशों के नेताओं से की बात

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री से फ़ोन पर बात की है.

    बयान में कहा गया कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री फ़ैसल बिन फ़रहान ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार से "क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम" और "तनाव कम करने के तरीक़ों" पर चर्चा की.

    इसहाक़ डार इस समय सऊदी अरब के दौरे पर हैं. इसी दौरान उनकी क़तर के विदेश राज्य मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-ख़ुलैफ़ी से भी फ़ोन पर बात हुई है.

    क़तर के विदेश राज्य मंत्री से हुई बातचीत को लेकर जारी बयान में कहा गया, "दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की. इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया."

    हालांकि, इस बातचीत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के क़तर दौरे को लेकर भी चर्चा हुई. शहबाज़ शरीफ़ बीते दिनों क़तर के दौरे पर थे.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री की सऊदी अरब और क़तर के नेताओं से ऐसे समय पर बातचीत हुई है जब पाकिस्तानी सेना और अफ़ग़ान तालिबान बलों के बीच झड़पें जारी हैं.

  5. अफ़ग़ानिस्तान का दावा, 'हमने इस्लामाबाद के पास सैन्य कैंप पर किया हवाई हमला'

    तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने इस्लामाबाद में एक सैन्य कैंप पर हवाई हमला किया. इसकी जानकारी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए दी है.

    मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में लिखा, "रक्षा मंत्रालय की वायु सेना ने आज सुबह लगभग 11:00 बजे हवाई हमले किए. इन हमलों का निशाना इस्लामाबाद के फ़ैज़ाबाद के पास एक सैन्य कैंप और नौशेरा में एक सैन्य अड्डा था."

    तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद पर भी हवाई हमले करने का दावा किया है.

    बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, सूत्र ने बताया कि 'हवाई कार्रवाई सफल रही, इसमें पाकिस्तानी सेना के अहम सैन्य ठिकानों, केंद्रों और इमारतों को निशाना बनाया गया.'

    अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने पाकिस्तान की ओर से हुई एयर स्ट्राइक के जवाब में ये हमले किए हैं.

  6. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  7. अरविंद केजरीवाल के शराब नीति मामले में अदालत से बरी होने पर ये विपक्षी नेता क्या बोले

    अरविंद केजरीवाल के शराब नीति मामले में कोर्ट से बरी होने के बाद विपक्ष के कई नेताओं ने मोदी सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा, "केंद्र की बीजेपी सरकार को राजनीति के लिए जांच एजेंसियों की साख को दांव पर नहीं लगाना चाहिए. कुछ तो शर्म कीजिए."

    बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है.

    उन्होंने कहा, "राजनीतिक बदले के तहत विपक्षी नेताओं पर ग़लत मुक़दमे किए जा रहे हैं. केंद्र सरकार चुनावी फ़ायदे के लिए संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है."

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सत्यमेव जयते. बीजेपी के पास अब भी सबक लेने का समय है. आपकी सारी गंदी चालें, आपकी ईडी, आपकी सीबीआई, ये सभी 'कठपुतलियां' सच के सामने टिक नहीं पाएंगी."

  8. रणजी ट्रॉफ़ी फ़ाइनल: कर्नाटक की पहली पारी 293 पर सिमटी, जम्मू-कश्मीर को 291 रन की बढ़त

    रणजी ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल मुक़ाबले में कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर सिमट गई है. इसी के साथ जम्मू-कश्मीर को 291 रन की बढ़त मिल गई है.

    कर्नाटक की ओर से मयंक अग्रवाल ने सबसे ज़्यादा 160 रन की पारी खेली. उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल पाया.

    जम्मू-कश्मीर की ओर से आक़िब नबी ने सबसे अधिक पांच विकेट झटके. उनके अलावा सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह के खाते में दो-दो विकेट आए. वहीं साहिल लोटरा ने एक विकेट लिया.

    इससे पहले जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 584 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास में जम्मू-कश्मीर पहली बार फ़ाइनल मुक़ाबला खेल रही है.

  9. अरविंद केजरीवाल शराब नीति मामले में अदालत से बरी होने के बाद क्या बोले

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सभी आरोपों से बरी कर दिया है.

    अदालत के फ़ैसले पर अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है. मीडिया से बातचीत के दौरान वह भावुक भी नज़र आए.

    केजरीवाल ने कहा, "पिछले कुछ सालों से भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी, आज कोर्ट ने सारे आरोप खारिज कर दिए और जितने भी अभियुक्त थे सबको आरोपमुक्त कर दिया."

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भारतीय न्याय प्रणाली पर भरोसा है. उन्होंने कहा, "सत्य की जीत हुई."

    इसके अलावा केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और पूरे मामले को 'फर्ज़ी' बताया.

    उन्होंने कहा, "मोदी जी और अमित शाह जी ने मिलकर आज़ाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा. आम आदमी पार्टी को ख़त्म करने के लिए पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया, यहां तक कि सिटिंग चीफ़ मिनिस्टर को जेल में डाला गया."

    इस दौरान केजरीवाल भावुक हो गए और कहा, "केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है. मैंने अपनी ज़िंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है. इन्होंने झूठा केस लगाया और आज यह साबित हो गया."

    अदालत के फ़ैसले पर अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "सत्य की हमेशा जीत होती है."

  10. अरविंद केजरीवाल शराब नीति मामले में सभी आरोपों से बरी, जानिए कोर्ट ने क्या कहा

    दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है.

    इसके साथ ही अदालत ने आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भी आरोपों से मुक्त किया है.

    अदालत का यह फ़ैसला केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई की ओर से दायर मामले में आया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अदालत ने फ़ैसला सुनाते हुए सीबीआई की जांच में खामियों पर कड़ी टिप्पणी भी की है. अदालत ने कहा कि हज़ारों पन्नों की चार्जशीट में ऐसी सामग्रियां हैं जो किसी भी गवाह के बयान का समर्थन नहीं करतीं.

    स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने कहा कि चार्जशीट में "भ्रामक दावे" किए गए हैं.

    अदालत ने कहा कि सिसोदिया के खिलाफ़ प्रथम दृष्टया मामला बनाने में सीबीआई विफल रही. इसके अलावा जज ने यह भी कहा कि केजरीवाल को बिना किसी ठोस सबूत के मामले में शामिल किया गया.

    राउज एवेन्यू कोर्ट ने दोनों नेताओं समेत मामले के सभी 23 अभियुक्तों को आरोपों से मुक्त कर दिया है.

  11. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अफ़ग़ान तालिबान से तनाव के बीच क्या कहा

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि वह देश की रक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं करेंगे और किसी भी आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब देंगे.

    गुरुवार-शुक्रवार की रात पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "पाकिस्तान ने हमेशा शांति को बढ़ावा दिया है, लेकिन देश की अखंडता से समझौता नहीं किया जाएगा और पाकिस्तानी सेना किसी भी आक्रामकता का मज़बूती से सामना करेगी."

    अपने बयान में शहबाज़ शरीफ़ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान की सेना किसी भी आंतरिक और बाहरी चुनौती से निपटने में सक्षम है.

    पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान के बीच सीमा पर झड़पें जारी हैं. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को भारी नुक़सान पहुंचाने का दावा किया है.

    हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि करना मुश्किल है.

  12. एआईएडीएमके से निष्कासित नेता और पूर्व सीएम पन्नीरसेल्वम सत्तारूढ़ डीएमके में शामिल हुए

    तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) से निष्कासित नेता ओ. पन्नीरसेल्वम सत्तारूढ़ डीएमके (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) में शामिल हो गए हैं.

    उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.

    पन्नीरसेल्वम तीन बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. उन्हें एआईएडीएमके से 2022 में निष्कासित किया गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पन्नीरसेल्वम अपने समर्थकों के साथ डीएमके में शामिल हुए हैं.

    ओ. पन्नीरसेल्वम, जिन्हें ओपीएस के नाम से भी जाना जाता है, को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके की अध्यक्ष रहीं जयललिता का क़रीबी माना जाता था.

  13. क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का लंबी बीमारी के बाद निधन

    क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार तड़के ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह के पिता 'एडवांस स्टेज लिवर कैंसर' से जूझ रहे थे.

    उन्होंने कहा, "हाल के दिनों में उनकी हालत काफ़ी बिगड़ गई थी, जिसके बाद 21 फ़रवरी को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था और शुक्रवार तड़के उनका निधन हो गया."

    रिंकू सिंह के पिता की मौत पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शोक जताया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "खानचंद सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं रिंकू सिंह और उनके समस्त परिवार के साथ हैं."

  14. अमेरिका-ईरान बैठक में क्या हुआ, ईरानी विदेश मंत्री अराग़ची ने बताया

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर अमेरिका के साथ चल रही बातचीत में प्रगति हुई है.

    अराग़ची ने एक्स पर पोस्ट किया, "इस बार अब तक की सबसे गहन बातचीत हुई. यह बातचीत इस आपसी समझ के साथ समाप्त हुई कि किसी भी समझौते के लिए ज़रूरी मुद्दों पर और अधिक विस्तार से बातचीत जारी रखेंगे. इनमें प्रतिबंधों की समाप्ति और परमाणु संबंधी क़दम शामिल हैं."

    इसके साथ ही ईरानी विदेश मंत्री ने यह बताया कि राजनीतिक बातचीत से इतर दोनों देशों की तकनीकी टीमें ऑस्ट्रिया के वियना में मिलेंगी.

    इसके अलावा अराग़ची ने मध्यस्थता के लिए ओमान का धन्यवाद किया.

  15. पाकिस्तान का दावा, अफ़ग़ान तालिबान की 27 सैन्य चौकियां तबाह, नौ पर क़ब्ज़ा

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के प्रवक्ता मुशर्रफ़ ज़ैदी ने एक बयान जारी कर कहा है कि पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ान तालिबान की 27 सैन्य चौकियां नष्ट की हैं और नौ पर क़ब्ज़ा कर लिया गया है.

    उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ान तालिबान के 80 से ज़्यादा टैंक, तोपें और बख़्तरबंद वाहन भी नष्ट किए हैं.

    मुशर्रफ़ ज़ैदी ने शुक्रवार तड़के 03:45 बजे तक का अपडेट दिया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "आक्रामकता के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की तत्काल और प्रभावी प्रतिक्रिया जारी है."

    मुशर्रफ़ ज़ैदी ने यह भी कहा कि अब तक अफ़ग़ान तालिबान के 133 सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और 200 से अधिक घायल हैं.

    वहीं, तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने गुरुवार रात 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों और दो ठिकानों पर क़ब्ज़ा कर लिया. मंत्रालय के अनुसार, कुल 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं.

    इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना मुश्किल है. हालिया झड़पों के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे को भारी नुक़सान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं.

  16. अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ने पाकिस्तानी बलों पर 'जवाबी हमले' वाली पोस्ट हटाई

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पर कहा था कि उनकी ओर से कंधार और हेलमंद स्थित पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर 'जवाबी हमले' किए गए हैं.

    ज़बीहुल्लाह मुजाहिद के अकाउंट से एक्स पर की गई पोस्ट अब डिलीट कर दी गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इससे पहले तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने पहले कहा था कि उसकी ओर से हमले आधी रात 12:00 बजे बंद कर दिए गए थे.

    अफ़ग़ान तालिबान की ओर से नए सिरे से हमलों की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है.

  17. तिलक वर्मा ने बताया भारत ने ज़िम्बाब्वे को हराने के लिए बनाई थी ये स्ट्रैटेजी

    भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले में ज़िम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया है. इसी के साथ भारतीय टीम सेमीफ़ाइनल की रेस में बनी हुई है.

    मैच के बाद भारतीय बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आक्रामक बल्लेबाज़ी की रणनीति के बारे में बात की.

    उन्होंने कहा, "आख़िरी मैच के बाद एक टीम के तौर पर और गौतम गंभीर ने भी यही बात कही कि कोई भी सिचुएशन हो बस हमें यह याद रखना है कि हमने पिछले एक साल में कैसा क्रिकेट खेला है और न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका के साथ सिरीज़ में हम कैसे खेले हैं."

    तिलक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय टीम टूर्नामेंट में आगे के मैचों में भी आक्रामक बल्लेबाज़ी पर ध्यान देगी.

    उन्होंने कहा, "हमने पिछले एक साल में जैसा क्रिकेट खेला है, उसी इंटेंट के साथ हम अगले मैच में जाएंगे और टूर्नामेंट के बाक़ी के मैचों में भी वैसा ही खेलेंगे.

    तिलक वर्मा ने कहा, "अगर विकेट अच्छा नहीं होगा तो हम एडजस्ट करेंगे. मैं यह नहीं कहूंगा कि हम 250 से ज़्यादा स्कोर करना चाहते हैं, लेकिन अगर टीम हमें अच्छे स्टार्ट की इजाज़त देती है तो हम बिल्कुल ऐसा करेंगे."

    तिलक वर्मा ने ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ 16 गेंदों पर 44 रन की तूफ़ानी पारी खेली.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

Trending Now