You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान सरकार का दावा- 'सीमा पर अफगानिस्तान की कार्रवाई का जवाब दिया गया'

पाकिस्तान सरकार ने सीमा पर अफगानिस्तान की ओर से की गई कार्रवाई का जवाब देने का दावा किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, दीपक मंडल

  1. पाकिस्तान सरकार का दावा- 'सीमा पर अफगानिस्तान की कार्रवाई का जवाब दिया गया'

    पाकिस्तान सरकार ने सीमा पर अफगानिस्तान की ओर से की गई कार्रवाई का जवाब देने का दावा किया है.

    बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान सरकार की कार्रवाई का 'तत्काल और प्रभावी ढंग से' जवाब दिया है.

    वहीं अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया, "हमारी सेना पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर पाकिस्तानी सेना के केंद्रों पर 'व्यापक' अभियान चला रही हैं."

    गुरुवार को पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "तालिबान ने खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के कई स्थानों पर 'गोलीबारी' की, जिसका पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने जवाब दिया."

    वहीं ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बयानों में दावा किया है, "हमारे सैन्य बलों ने कई पाकिस्तानी चौकियों को नष्ट कर दिया है, कुछ पर कब्जा कर लिया है और पाकिस्तान के कई सैन्यकर्मियों को मार डाला है."

    बीबीसी इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है.

  2. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    अमेरिका-ईरान वार्ता: टकराव के ख़तरे के बीच बड़ी बैठक, ट्रंप के पास क्या विकल्प?

    एयर एम्बुलेंस क्रैश में मरने वाले डॉक्टर विकास के परिजनों को झारखंड और बिहार सरकार से क्या है शिकायत?

  3. वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम के प्रेसिडेंट ने एपस्टीन से संबंधों की जांच के बाद इस्तीफ़ा दिया

    वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम के प्रेसिडेंट और सीईओ बोर्गे ब्रेंदे ने यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से अपने संबंधों के रिव्यू के बाद इस्तीफ़ा दे दिया है.

    फोरम ने अमेरिकी न्याय मंत्रालय की ओर से एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइलें सार्वजनिक किए जाने के बाद उनके साथ ब्रेंदे के संबंधों की स्वतंत्र जांच के आदेश दिए गए थे.

    ब्रेंदे ने स्वीकार किया है कि उन्होंने 2018 से 2019 के बीच एपस्टीन के साथ तीन बार डिनर किया था और ईमेल और टेक्स्ट संदेशों के ज़रिए उनसे संपर्क में थे. हालांकि उनका कहना है कि वो एपस्टीन की आपराधिक गतिविधियों के बारे में ‘पूरी तरह से अनजान’ थे.

    वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम ने कहा कि एपस्टीन से उनके संबंधों की समीक्षा में ‘पहले से सार्वजनिक की गई जानकारी से परे कोई अतिरिक्त चिंता’ नहीं पाई गई.

  4. शेख़ हसीना की सरकार में मंत्री रहे सैफ़ुजम्मां जावेद के ब्रिटेन में 518 फ्लैट होंगे ज़ब्त

    ढाका की एक अदालत ने शेख़ हसीना की अवामी लीग सरकार में मंत्री रहे सैफ़ुज्जमां चौधरी जावेद के ब्रिटेन स्थित 518 फ्लैटों और अपार्टमेंट्स को ज़ब्त करने के आदेश दिए हैं.

    सैफ़ुज्जमां चौधरी जावेद अवामी लीग सरकार में भूमि मंत्री थे.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, बांग्लादेश के भ्रष्टाचार विरोधी आयोग (एसीसी) के एक आवेदन पर सुनवाई के बाद ढाका मेट्रोपॉलिटन के सीनियर स्पेशल जज सब्बीर फैज़ ने गुरुवार को यह आदेश दिया.

    अदालती दस्तावेज़ों से पता चलता है कि उन 518 फ्लैटों और अपार्टमेंट्स का मूल्य 27 करोड़ 18 लाख 52 हज़ार 872 पाउंड है.

    एसीसी ने कोर्ट के सामने अपने आवेदन में कहा है कि अचल संपत्तियों को ज़ब्त करना बेहद ज़रूरी है क्योंकि उन्हें किसी और नाम पर ट्रांसफर किए जाने से रोका जा सके.

  5. जेफ़री एपस्टीन से जुड़े अपराधों की जांच कर रही संसदीय टीम के सामने पेश होंगी हिलेरी क्लिंटन

    अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री और डेमोक्रेट्स हिलेरी क्लिंटन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव की उस कमेटी के सामने पेश होंगीं जो यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़े अपराधों की जांच कर रही है.

    हिलेरी क्लिंटन ने अपने पति और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ हाउस ओवरसाइट कमेटी के सामने गवाही देने पर सहमति जताई है.

    दोनों ने पहले कमिटी के सामने पेश होने की मांग का विरोध किया था और इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया था.

    हालांकि, गवाही देने पर सहमति के बाद उनके ख़िलाफ़ ‘कांग्रेस की अवमानना’ करने की संभावित कार्रवाई टल गई.

    हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि उन्हें जेफ़री एप्स्टीन से मिलने या उनसे बात करने की कोई याद नहीं है.

  6. भारत और इसराइल एफ़टीए पर बातचीत की रफ़्तार बढ़ाने को राज़ी, 17 समझौतों को दी मंज़ूरी

    भारत और इसराइल ने मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति जताई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औरइसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच बैठक के बाद दोनों देशों की ओर से 17 समझौतों और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए. जिन क्षेत्रों में दोनों के बीच सहयोग पर सहमति बनी है उनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, व्यापार, निवेश, शिक्षा, मैन्युफै़क्चरिंग, संस्कृति, समुद्री विरासत, कृषि शामिल हैं.

    भारत ने हाल में यूरोपियन यूनियन और ब्रिटेन समेत कई देशों के साथ एफ़टीए किया है.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इसराइल में 7 अक्तूबर 2023 को हमास के हमले की निंदा की थी लेकिन ये भी कहा था कि भारत के सुरक्षा हित सीधे तौर पर मध्य-पूर्व में शांति और स्थिरता से जुड़े हुए हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि भारत ग़ज़ा संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की वकालत करता रहा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसराइल के दो दिवसीय दौरे पर हैं. बुधवार को उन्होंने इसराइल की संसद क्नेसेट को भी संबोधित किया था.

  7. बीबीसी दिनभर : पीएम नरेंद्र मोदी का इसराइल दौरा, किसे क्या मिला?

  8. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का तीसरा दौर जारी, मध्यस्थ ओमान ने क्या बताया

    जिनेवा में अमेरिका-ईरान वार्ता का तीसरा दौर जारी है.

    बातचीत में मध्यस्थ ओमान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा,’’ ओमान के विदेश मंत्री बदर बासिदी और राफेल ग्रॉसी के बीच हुई बैठक की एक तस्वीर पोस्ट की है और लिखा कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक के साथ ईरान के परमाणु मामलों से जुड़ी सलाहों और तकनीकी मुद्दों पर चर्चा की गई.''

    इससे पहले, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने तीसरे दौर की वार्ता में राफेल ग्रॉसी की उपस्थिति की संभावना की भी घोषणा की थी.

    गौरतलब है कि ओमान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता का तीसरा दौर आज जिनेवा में चल रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर दोनों देशों के बीच न्यूक्लियर डील पर सहमति नहीं बनती है तो ईरान को सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.

    वहीं ईरान अमेरिका की ओर से कुछ शर्तों को मानने के लिए राजी नहीं हो रहा है.

  9. कार्टून: डांट पड़ी?

  10. टी-20 वर्ल्ड कप: ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ मुक़ाबले में भारतीय उपकप्तान अक्षर पटेल की वापसी, रिंकू की जगह सैमसन आए

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है.

    चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस अहम मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव हुए हैं. वहीं जिम्बाब्वे की टीम में एक बदलाव हुआ है. अक्षर पटेल और संजू सैमसन की वापसी हुई है.

    वाशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह इस मैच में भारत की प्लेइंग 11 से बाहर हुए हैं.

    सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत के लिए आज का मैच बेहद अहम है.

    अगर भारत आज जिम्बाब्वे को हराने में कामयाब हो जाती है तो फिर उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को भी हराना होगा.

  11. टी-20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज़ को 9 विकेट से हराकर सेमीफ़ाइनल के करीब पहुंची दक्षिण अफ़्रीका

    टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-आठ मुक़ाबले में साउथ अफ़्रीका ने वेस्टइंडीज़ को नौ विकेट से हरा दिया है.

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मैच में वेस्टइंडीज़ ने साउथ अफ़्रीका को 177 रन का लक्ष्य दिया था. जिसे दक्षिण अफ़्रीका ने सिर्फ़ एक विकेट खोकर 17वें ओवर की पहली गेंद पर ही हासिल कर लिया.

    साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ लड़खड़ाई पारी को संभालते हुए वेस्टइंडीज़ ने 176 रन का स्कोर खड़ा किया था.

    एक समय में वेस्टइंटडीज़ के सात खिलाड़ी महज़ 83 रन पर आउट हो गए थे.

    लेकिन रोमारियो शेफ़र्ड और जेसन होल्डर ने वेस्टइंडीज़ की पारी को 176 रन पर पहुंचा दिया. वेस्टइंडीज ने आठ विकेट के नुक़सान पर 176 रन बनाए.

    शेफ़र्ड ने 52 रन बनाए जबकि होल्डर ने 49 रन. हालांकि, दोनों की पारियां वेस्टइंडीज़ को जीत नहीं दिला सकीं.

    साउथ अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

  12. डीजीसीए ने हवाई टिकट रिफंड के नियमों में किए बदलाव, अब क्या सुविधा मिलेगी

    भारत के विमानन नियामक यानी डीजीसीए ने हवाई टिकट रिफंड के नियमों में बदलाव किया है.

    नए नियमों के मुताबिक़, विमान यात्री टिकट बुक करने के 48 घंटे के भीतर उसे बिना कोई एक्सट्रा चार्ज दिए कैंसिल करा सकते हैं या उसमें बदलाव कर सकते हैं.

    हालांकि यह सुविधा कुछ शर्तों के तहत ही दी जाएगी. इसके लिए एयरलाइंस के तय नियमों और समय-सीमा का पालन करना ज़रूरी होगा.

    इन संशोधित नियमों के तहत एयरलाइंस को अब यह सुनिश्चित करना होगा कि 48 घंटे के भीतर टिकट रद्द या बदलने पर यात्रियों से अतिरिक्त चार्ज न लिया जाए.

    इस कदम का मक़सद यात्रियों को अधिक फ्लेक्सिबिलिटी देना और टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाना है.

  13. टी-20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज़ ने दिया साउथ अफ़्रीका को 177 रन का लक्ष्य

    टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ लड़खड़ाई पारी को संभालते हुए वेस्टइंडीज़ ने 176 रन का स्कोर खड़ा किया है.

    एक समय में वेस्टइंटडीज़ के सात खिलाड़ी महज़ 83 रन पर आउट हो गए थे.

    लेकिन रोमारियो शेफ़र्ड और जेसन होल्डर ने वेस्टइंडीज़ की पारी को 176 रन पर पहुंचा दिया. वेस्टइंडीज ने आठ विकेट के नुक़सान पर 176 रन बनाए हैं.

    शेफ़र्ड ने 52 रन बनाए जबकि होल्डर ने 49 रन.

    टी-20 वर्ल्ड कप में आज अहमदाबाद में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ चल रहे मैच में वेस्टइंडीज़ की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी .

    साउथ अफ़्रीकी गेंदबाज़ों ने वेस्टइंडीज़ के छह बल्लेबाजों को महज़ 71 रन पर पवेलियन पहुंचा दिया.

    साउथ अफ़्रीकी गेंदबाज़ कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ों को शुरू से ही बैकफुट पर रखा था.

    साउथ अफ़्रीका ने गेंदबाज़ी की शुरुआत स्पिन से की, लेकिन केशव महाराज पर विपक्षी कप्तान शे होप ने दो छक्के और एक चौका बटोरकर 17 रन बना लिए. एक समय ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज़ एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है लेकिन रबाडा और एनगिडी ने इस पर ब्रेक लगा दिया.

    साउथ अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

  14. मोदी-नेतन्याहू मुलाक़ात पर बोलीं महबूबा मुफ़्ती, ‘पीएम ने अपराधी को गले लगाया है’

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसराइल दौरे का विरोध किया है.

    उन्होंने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से उनकी मुलाक़ात की भी कड़ी आलोचना की है और कहा है कि मोदी ने 'एक अपराधी' को गले लगाया है.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''मैं समझती हूं कि हमारे मुल्क की जो पॉलिसी है, वो इसके (मुलाक़ात) बिल्कुल ख़िलाफ़ है. इस समय पूरी दुनिया इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ है.''

    महबूबा मुफ़्ती ने कहा, ''इंटरनेशनल कोर्ट ने उन पर (नेतन्याहू) पर आरोप पत्र दाखिल किए हैं. कई मुल्कों में वो जा नहीं सकते क्योंकि उनको कहीं भी गिरफ़्तार किया जाएगा. ऐसे में 139 करोड़ लोगों के नुमाइंदे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एक क्रिमिनल के गले लगे हैं. उनसे मिले हैं और उनसे बात की है. गांधी के मुल्क हिन्दुस्तान के लिए ये अच्छा नहीं है.''

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय इसराइल दौरे पर हैं.

    बुधवार को उन्होंने बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात के बाद इसराइल की संसद क्नेसेट को भी संबोधित किया था.

  15. टी-20 वर्ल्ड कप : साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वेस्टइंटडीज की पारी लड़खड़ाई, 83 रन पर सात विकेट गिरे

    टी-20 वर्ल्ड कप में आज अहमदाबाद में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ चल रहे मैच में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई है.

    साउथ अफ़्रीकी गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज़ के छह बल्लेबाजों को महज 82 रन पर पवेलियन पहुंचा दिया.

    साउथ अफ़्रीकी गेंदबाज कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाजों को शुरू से ही बैकफुट पर रखा.

    साउथ अफ़्रीका ने गेंदबाज़ी की शुरुआत स्पिन से की, लेकिन केशव महाराज पर विपक्षी कप्तान शे होप ने दो छक्के और एक चौके बटोरकर 17 रन बना लिए.

    एक समय ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज़ एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है लेकिन रबाडा और एनगिडी ने इस पर ब्रेक लगा दिया.

    साउथ अफ़्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    सुपर -8 में वेस्टइंडीज ने एक मैच खेला और इसे जीता है. उसके दो प्वाइंट और रन रेट है 5.35.

    वहीं साउथ अफ़्रीका ने भी एक मैच खेलकर उसे जीता है. हालांकि इसका रन रेट 3.80 है.

  16. द केरला स्टोरीज 2 की रिलीज पर अंतरिम रोक, अदालत ने क्या कहा?

    केरल हाई कोर्ट ने गुरुवार को फ़िल्म ' द केरला स्टोरीज2- गोज बेयॉन्ड’ की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस बी कुरियन थॉमस ने ये अंतरिम आदेश उन याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया जिनमें सेंसर की ओर से इस फ़िल्म को सर्टिफिकेट देने को चुनौती दी गई थी.

    याचिकाकर्ताओं का कहना था कि यह फ़िल्म केरल राज्य को गलत तरीके से पेश करती है और इसकी रिलीज से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है.

    अदालत ने पहली नजर में माना कि फ़िल्म को सर्टिफ़िकेट देते समय केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन (सीबीएफ़सी) बोर्ड ने सही तरीके से विचार नहीं किया. इसलिए अदालत बोर्ड को निर्देश दिया कि वह याचिकाकर्ताओं की ओर से दायर पुनरीक्षण याचिकाओं पर दो सप्ताह के भीतर फ़ैसला करे.

    जब तक सीबीएफ़सी नया आदेश नहीं देता, तब तक फिल्म रिलीज नहीं की जाएगी.

    अदालत ने कहा कि आमतौर पर वह फिल्मों की रिलीज में हस्तक्षेप करने से बचती है, लेकिन यदि किसी फिल्म की सामग्री से सांप्रदायिक तनाव भड़कने की वास्तविक आशंका हो, तो अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ता है.

  17. टी-20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ़्रीका ने सुपर-8 के दूसरे मुक़ाबले में टॉस जीता, गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    टी-20 वर्ल्ड कप में आज अहमदाबाद में वेस्टइंडीज़ और साउथ अफ़्रीका के बीच मुक़ाबला हो रहा है.

    साउथ अफ़्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    साउथ अफ़्रीका अपनी टीम में बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन की जगह ऑफ़ स्पिनर रॉस्टन चेज़ को लाया है.

    दोनों टीमें इस तरह हैं-

    वेस्टइंडीज़: 1. ब्रैंडन किंग, 2. शे होप (कप्तान और विकेटकीपर), 3. शिमरॉन हेटमायर, 4. रोवमन पॉवेल, 5. शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, 6. रॉस्टन चेज़, 7. रोमारियो शेफ़र्ड, 8. जेसन होल्डर, 9. मैथ्यू फ़ोर्ड, 10. गुदाकेश मोती, 11. शमार जोसेफ़.

    साउथ अफ़्रीका: 1. एडन मारक्रम (कप्तान), 2. क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3. रायन रिकलटन, 4. डेवाल्ड ब्रेविस, 5. डेविड मिलर, 6. ट्रिस्टन स्टब्स, 7. मार्को यानसन, 8. कॉर्बिन बॉश, 9. केशव महाराज, 10. कगिसो रबाडा, 11. लुंगी एनगिडी

    सुपर-8 में वेस्टइंडीज़ ने एक मैच खेला और इसे जीता है. उसके दो प्वाइंट और रन रेट है 5.35.

    वहीं, साउथ अफ़्रीका ने भी एक मैच खेलकर उसे जीता है. हालांकि उसका रन रेट 3.80 है.

  18. किम जोंग उन ने उत्तर कोरिया की परमाणु ताक़त के बारे में अमेरिका से क्या कहा

    उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन ने अपने देश के परमाणु हथियार कार्यक्रम को और विस्तार देने और उसकी ऑपरेशनल रेंज बढ़ाने का इरादा जताया है.

    उन्होंने एक दुर्लभ संदेश में अमेरिका से कहा कि वह उत्तर कोरिया की परमाणु ताक़त को स्वीकार करे.

    किम जोंग उन ने कहा कि उत्तर कोरिया और अमेरिका आपसी संबंध बेहतर बना सकते हैं, लेकिन इसके लिए अमेरिका को यह मानना होगा कि उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार बने रहेंगे.

    यह बयान राजधानी प्योंगयांग में आयोजित वर्कर्स पार्टी ऑफ़ कोरिया के पांच साल में होने वाले सम्मेलन में दिया गया.

    इसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड की अप्रैल में चीन यात्रा से पहले बातचीत की संभावनाओं के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

    हालांकि, किम ने दक्षिण कोरिया के साथ किसी भी तरह के रिश्तों में सुधार की उम्मीदों को ख़ारिज करते हुए उसे उत्तर कोरिया का 'सबसे दुश्मन देश" बताया.

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और उत्तर कोरिया के संबंधों का भविष्य पूरी तरह अमेरिका के रवैये पर निर्भर करेगा.

  19. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  20. 'पाकिस्तान ला ला लैंड में जी रहा है', यूएन में भारत ने ऐसा क्यों कहा?

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 61वें सत्र में भारत ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है.

    23 फ़रवरी से 31 मार्च तक चल रहे इस सत्र में भारत ने पाकिस्तान पर प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास 'पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति से बिल्कुल अलग तस्वीर पेश' करता है.

    25 फ़रवरी को उच्चस्तरीय सत्र के दौरान 'राइट टू रिप्लाई' का इस्तेमाल करते हुए भारत की प्रतिनिधि अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान और इस्लामी देशों के संगठन ओआईसी (ओआईसी) के आरोपों को ख़ारिज किया. उन्होंने कहा कि ओआईसी खु़द को एक सदस्य देश के 'इको चैंबर' के रूप में इस्तेमाल होने दे रहा है.

    अनुपमा सिंह ने कहा, "हम इन आरोपों को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं. पाकिस्तान का लगातार प्रोपेगेंडा अब ईर्ष्या से भरा नज़र आता है."

    उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर 'भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा.'

    काउंसिल में एक तीखी टिप्पणी करते हुए अनुपमा सिंह ने जम्मू-कश्मीर में बुनियादी ढांचे के विकास का ज़िक्र किया, जिसमें दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब रेल ब्रिज का उद्घाटन शामिल है.

    उन्होंने कहा, "अगर चिनाब रेल ब्रिज नकली है, तो पाकिस्तान या तो भ्रम में है या किसी 'ला-ला लैंड' (भ्रम की दुनिया) में जी रहा है."

Trending Now