You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच क़तर और यूक्रेन ने किया एयर डिफ़ेंस से जुड़ा रक्षा समझौता

क़तर और यूक्रेन ने एक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत दोनों देश मिसाइल और ड्रोन ख़तरों से निपटने में अपनी खूबियाँ साझा करेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच क़तर और यूक्रेन ने किया एयर डिफ़ेंस से जुड़ा रक्षा समझौता, केटी वाटसन, दोहा से

    क़तर और यूक्रेन ने एक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत दोनों देश मिसाइल और ड्रोन ख़तरों से निपटने में अपनी खूबियाँ साझा करेंगे.

    यह समझौता यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के इस हफ़्ते खाड़ी देशों के दौरे के दौरान हुई कई बैठकों और समझौतों की कड़ी में एक नया क़दम है.

    क़तर के रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने क्षेत्र में सुरक्षा हालात और सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की. इसके बाद यूक्रेन के सशस्त्र बलों के प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल आंद्रिय ह्नातोव और क़तर के सशस्त्र बलों के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ लेफ़्टिनेंट जनरल जासिम बिन मोहम्मद अल-मन्नाई ने समझौते पर हस्ताक्षर किए.

    इस समझौते से तकनीक और रक्षा निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा.

  3. दुबई में यूक्रेनी एयर डिफ़ेंस सिस्टम को तबाह करने के ईरान के दावे पर यूक्रेन ने क्या कहा

    बीबीसी फ़ारसी सेवा की संवाददाता घोंचेह हबीबीआज़ाद के मुताबिक़, ईरान के खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इब्राहिम ज़ुल्फ़ग़ारी ने एक बयान में कहा है कि ईरान ने दुबई में एक गोदाम को निशाना बनाया है.

    इस गोदाम में "यूक्रेन के एंटी-ड्रोन सिस्टम रखे हुए" थे.

    ईरानी मीडिया में प्रकाशित बयान के अनुसार, ज़ुल्फ़ग़ारी ने दावा किया कि "दुबई में यूक्रेन के एंटी-ड्रोन सिस्टम रखे हुए एक गोदाम को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की एयरोस्पेस और नौसैनिक बलों ने संयुक्त अभियान में निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है. यह गोदाम अमेरिकी सेना की मदद के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था और यहां 21 यूक्रेनी नागरिक भी मौजूद थे."

    बयान में यह भी कहा गया कि "उस गोदाम में मौजूद यूक्रेनी कर्मियों की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है."

    हालांकि, यूक्रेन ने ईरान के इन दावों को ख़ारिज कर दिया है.

    बीबीसी मॉनिटरिंग के विश्लेषक विटली शेवचेंको के मुताबिक़, यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हेओरही ताइख़ई ने पत्रकारों को भेजे मैसेज में ईरान के दावों को ख़ारिज कर दिया है.

    उन्होंने कहा, "यह झूठ है. हम आधिकारिक तौर पर इस रिपोर्ट का खंडन करते हैं. ईरानी शासन अक्सर इस तरह के दुष्प्रचार अभियान चलाता है और इस मामले में वह रूस से अलग नहीं है."

    यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की खाड़ी के कई देशों के दौरे पर हैं.

  4. ईरान ने कहा, पाकिस्तान में बातचीत से पहले तुर्की ने संघर्ष ख़त्म करने में मदद की पेशकश की

    ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, तुर्की के विदेश मंत्री हकान फ़िदान ने यह बात दोहराई है कि मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष को सुलझाने में "सार्थक भूमिका" निभाने के लिए उनका देश तैयार है.

    मंत्रालय ने कहा कि तुर्की और ईरान के विदेश मंत्रियों के बीच फ़ोन पर बातचीत हुई, जिसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने युद्ध को ख़त्म करने की कोशिशों के लिए तुर्की के विदेश मंत्री को धन्यवाद दिया.

    तुर्की उन देशों में शामिल रहा है जो इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक तरीक़ों पर काम कर रहे हैं.

    इससे पहले पाकिस्तान ने कहा था कि सऊदी अरब और मिस्र के साथ मिलकर तुर्की 29 और 30 मार्च को इस्लामाबाद में तनाव कम करने को लेकर होने वाली वार्ता में शामिल होगा.

    इस संघर्ष में तुर्की के लिए संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि वह एक तरफ़ नेटो का सदस्य है और दूसरी तरफ़ ईरान का पड़ोसी भी है, जिसके साथ उसकी 300 मील से अधिक लंबी सीमा साझा होती है.

  5. ईरानी सेना ने कहा, ओमान के पास अमेरिकी सपोर्ट बोट पर हमला किया

    ईरान की सेना का कहना है कि उसने ओमान के एक बंदरगाह के पास एक अमेरिकी सपोर्ट बोट को निशाना बनाया है.

    ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़ी तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, सलालाह बंदरगाह से "काफ़ी दूरी" पर एक लॉजिस्टिक जहाज़ को निशाना बनाया गया.

    यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब ओमान के दक्षिणी हिस्से में स्थित बंदरगाह को दो ड्रोन ने निशाना बनाया था.

    इस हमले में एक विदेशी कर्मचारी के घायल होने की बात सामने आई थी.

  6. नेपाल में केपी ओली और रमेश लेखक की गिरफ़्तारी के बाद प्रदर्शन, देखिए तस्वीरें

    नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक की गिरफ़्तारी के बाद देश में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    ये प्रदर्शन केपी शर्मा ओली की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल (सीपीएन-यूएमएल) के कार्यकर्ता कर रहे हैं. देखिए कुछ तस्वीरें.

  7. प्रधानमंत्री मोदी ने की सऊदी क्राउन प्रिंस से बात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से शनिवार को फ़ोन पर बात की. इसकी जानकारी पीएम मोदी ने दी.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चर्चा की. मैंने क्षेत्र के एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हो रहे हमलों की भारत की निंदा दोहराई."

    उन्होंने कहा, "हम इस बात पर सहमत हुए कि समुद्री मार्गों की आज़ादी सुनिश्चित करना और शिपिंग लाइनों को खुला और सुरक्षित रखना ज़रूरी है."

    इसके अलावा पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के वेलफ़ेयर के लिए क्राउन प्रिंस के लगातार समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है.

  8. कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, सरकारी मीडिया का दावा

    कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी ने देश की सिविल एविएशन अथॉरिटी के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई ड्रोन हमले हुए हैं.

    प्रवक्ता के अनुसार, इन हमलों में रडार सिस्टम को काफ़ी नुक़सान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट यह पहला हमला नहीं है. बुधवार को भी एयरपोर्ट के फ़्यूल डिपो को एक ईरानी ड्रोन से निशाना बनाया गया था.

  9. इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हमलों की पुष्टि की, बयान में और क्या कहा

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने लेबनान के दक्षिणी इलाक़े में हमलों की पुष्टि की है और कहा है कि उसके हमले अब भी जारी हैं.

    इसराइली सेना ने एक बयान में कहा, "रातभर आईडीएफ़ ने दक्षिणी लेबनान के कई इलाक़ों में हवा और समुद्र के रास्ते दर्जनों ठिकानों पर हमले किए."

    बयान में आगे कहा गया, "इस समय आईडीएफ़ पूरे लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखे हुए है."

    आईडीएफ़ के अरबी भाषा के प्रवक्ता ने अलग से एक और चेतावनी जारी की है, जिसमें दक्षिणी लेबनान के लोगों से ज़हरानी नदी के उत्तर की ओर जाने को कहा गया है.

    इससे पहले, लेबनान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने देश के दक्षिणी हिस्से के कई कस्बों पर इसराइली हमलों की ख़बर दी थी.

  10. पाकिस्तानी पीएम ने कहा, ईरानी राष्ट्रपति से 'एक घंटे से ज़्यादा' समय तक बात हुई

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि उन्होंने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फ़ोन पर "विस्तार से" बातचीत की है.

    उन्होंने कहा कि यह बातचीत "एक घंटे से ज़्यादा" चली.

    एक्स पर लिखते हुए शरीफ़ ने कहा कि उन्होंने "पाकिस्तान की जारी कूटनीतिक कोशिशों" की जानकारी दी, जिसमें अमेरिका और खाड़ी देशों के साथ संवाद और तनाव कम करने के लिए संपर्क शामिल है.

    पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की मेज़बानी की पेशकश कर चुका है.

    शरीफ़ ने इसराइल के ईरान पर हमलों की निंदा भी की और "ईरान के बहादुर लोगों के साथ एकजुटता" व्यक्त की.

  11. ईरान युद्ध: मध्य-पूर्व के इन तीन देशों के विदेश मंत्री पाकिस्तान आएंगे

    मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच क्षेत्र के तीन प्रमुख देश सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्री पाकिस्तान का दौरा करेंगे. पाकिस्तानी विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने इसकी जानकारी दी है.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, तीनों देशों के विदेश मंत्रियों का यह दौरा इसहाक़ डार के बुलावे पर हो रहा है. यह दौरा 29 और 30 मार्च को होगा, जिसमें ये तीनों नेता प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से भी मुलाक़ात करेंगे.

    ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग को ख़त्म करने के लिए हो रही बातचीत में पाकिस्तान मध्यस्थता की पेशकश कर चुका है.

    बीते दिनों अमेरिकी और इसराइली मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका ने समझौते के लिए पाकिस्तान के ज़रिए 15 सूत्रीय प्लान ईरान को सौंपा है.

    तीनों देशों के विदेश मंत्रियों के दौरे को लेकर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बताया, "सभी देशों के विदेश मंत्री विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा करेंगे, जिनमें क्षेत्र में तनाव कम करने के प्रयास भी शामिल हैं."

  12. पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी अब क्यों आमने-सामने

    पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) क़ानून व्यवस्था को लेकर आमने-सामने हैं.

    टीएमसी महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी एक वीडियो शेयर करते हुए निर्वाचन आयोग और बीजेपी पर कई तरह के आरोप लगाए हैं. इस वीडियो में कुछ लोग धार्मिक नारे लगाते हुए तोड़फोड़ करते नज़र आ रहे हैं.

    अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर लिखा, "यह वही 'परिवर्तन' है जिसे बीजेपी बंगाल की धरती पर थोपना चाहती है. चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद निर्वाचन आयोग ने व्यापक प्रशासनिक बदलाव शुरू किए. मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, एडीजी, आईजी, एसपी, डीएम, कोलकाता पुलिस आयुक्त और यहां तक कि केएमसी आयुक्त तक को बदल दिया गया. ऐसे अभूतपूर्व हस्तक्षेप, उनके इरादे और समय को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं."

    वहीं, बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी और पश्चिम बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने भी एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए टीएमसी को निशाने पर लिया था.

    अमित मालवीय ने कहा, "राम नवमी के मौक़े पर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले में जंगीपुर की सड़कों पर निकाले गए जुलूसों के दौरान व्यापक हिंसा भड़क उठी. इस ज़िले में 70 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम आबादी है. ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के कई सीमावर्ती ज़िलों को ऐसे इलाक़ों में बदल दिया है जहां हिंदू ख़ुद को असुरक्षित महसूस करते हैं."

    पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है और चुनाव के नतीजे चार मई को आएंगे.

  13. यमन के हूती विद्रोहियों ने इसराइल पर हमले की पुष्टि की, बयान में क्या कहा

    ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने पुष्टि की है कि उन्होंने इसराइल पर हमला किया है. इससे पहले इसराइली सेना ने कहा था कि उसने यमन से दागी गई एक मिसाइल को इंटरसेप्ट किया है.

    ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब हूती विद्रोहियों ने इसराइल को निशाना बनाया है.

    हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने ईरान, लेबनान, इराक़ और फ़लस्तीनी क्षेत्रों पर हमले के जवाब में "संवेदनशील इसराइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए" कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक सभी मोर्चों पर "आक्रामकता" ख़त्म नहीं हो जाती.

    इससे पहले यमन में हूती गुट के प्रवक्ता याह्या सरी ने टेलीग्राम पर बयान जारी किया.

    उन्होंने कहा, "अगर कोई और देश अमेरिका और इसराइल के साथ मिलकर ईरान के ख़िलाफ़ आता है, तो हमारे हाथ ट्रिगर पर हैं और हम सीधे सैन्य हस्तक्षेप करेंगे."

    उन्होंने कहा, "अगर लाल सागर का इस्तेमाल अमेरिका और इसराइल, ईरान या किसी मुस्लिम देश के ख़िलाफ़ हमले के लिए करते हैं या अगर ईरान के ख़िलाफ़ हमले बढ़ते रहते हैं तो हम इसमें दखल देंगे."

  14. मध्य-पूर्व की ओर बढ़ रहे ये अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर और डेस्ट्रॉयर

    अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश' मध्य-पूर्व की ओर बढ़ रहा है. बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने यह जानकारी दी है.

    यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश एयरक्राफ़्ट कैरियर 80 से ज़्यादा विमान ले जा सकता है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, दो गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर, यूएसएस डोनाल्ड कुक और यूएसएस मेसन भी इस हफ़्ते अमेरिकी तट से रवाना हुए हैं ताकि ईरान में अमेरिकी ऑपरेशन का हिस्सा बन सकें.

    अमेरिकी अधिकारियों ने सीबीएस को बताया, "यह विशाल जहाज़ और उसका टास्क फ़ोर्स तैनाती से पहले की ट्रेनिंग पूरी कर चुके हैं. अब ईरान में अमेरिकी ऑपरेशन में शामिल होने के लिए तैयार हैं."

    रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एक और जहाज़ 'यूएसएस रॉस' भी इस हफ़्ते अमेरिका से रवाना किया गया है, लेकिन इसकी डेस्टिनेशन के बारे में नहीं बताया गया है.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पेट्रोल, डीज़ल और गैस के 'संकट' पर पीएम मोदी ने क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मध्य पूर्व के युद्ध से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीज़ल, गैस और दूसरी ज़रूरी चीज़ों का संकट पैदा हो गया है.

    पीएम मोदी ने शनिवार को जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया.

    यहां सभा को संबोधित करते हुए मध्य पूर्व में चल रही जंग का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आप सभी देख रहे हैं कि दुनिया कितनी चिंतित है. पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में युद्ध चल रहा है. इस युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीज़ल, गैस और दूसरी ज़रूरी चीज़ों का संकट पैदा हो गया है."

    "हर देश इससे निपटने की कोशिश कर रहा है. हमारा भारत भी अपने नागरिकों की ताक़त के भरोसे करके पूरी शक्ति से इस संकट का सामना कर रहा है. जिस क्षेत्र में युद्ध हो रहा है, वहां से भारत बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस मंगवाता है. इसलिए सरकार हर वह क़दम उठा रही है, जिससे आम परिवारों और हमारे किसानों पर इस संकट का बोझ न पड़े."

    उन्होंने आगे कहा, "मैं उत्तर प्रदेश और पूरे देश की सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील करता हूं कि ऐसे समय में कोई भी बयान न दें जिससे देश का नुक़सान हो. भारत सरकार की नीतियां हमेशा देश के हित को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं."

    पीएम मोदी ने कहा, "जो लोग ग़ैर जिम्मेदाराना राजनीतिक बातें करते हैं, उन्हें थोड़े समय के लिए फ़ायदा हो सकता है, लेकिन देश को नुक़सान पहुंचाने वाले कामों को जनता कभी माफ़ नहीं करती. कोविड संकट के दौरान भी कुछ लोगों ने वैक्सीन को लेकर अफ़वाहें और ग़लत बातें फैलाई थीं, लेकिन जनता ने ऐसी राजनीति को ठुकरा दिया."

  17. जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फ़ेज़ का उद्घाटन, पीएम मोदी ने क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया.

    पीटीआई के मुताबिक़, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण की लागत 11,282 करोड़ रुपये है, यह एक बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा है जिसकी कुल लागत लगभग 29,560 करोड़ रुपये है और इसका मक़सद जेवर को उत्तर भारत का बड़ा एविएशन हब बनाना है.

    पीएम मोदी ने उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा, "यह प्रोजेक्ट युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देगा. आज हम ‘विकसित यूपी, विकसित भारत’ अभियान का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं."

    पीएम ने आगे कहा, "उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां सबसे ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं."

    ग़ौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है. इसके बनने से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ट्रैफ़िक कम होने की उम्मीद की जा रही है.

  18. सऊदी अरब एयरबेस पर ईरानी हमले में घायल अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ी

    अमेरिकी मीडिया ने बताया कि सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर ईरानी हमले में घायल अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर करीब 12 हो गई है.

    पहले 10 सैनिकों के घायल होने की जानकारी दी गई थी. यह जानकारी बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ ने दी थी.

    रिपोर्टों में कहा गया है कि दो सैनिकों की हालत "बहुत गंभीर" है. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि हमला होने के समय वे बेस की एक इमारत के अंदर थे.

    बीबीसी पर्शियन को सूत्रों ने बताया कि हमले में कम से कम एक मिसाइल और कई ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.

    न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, इस हमले में कई विमान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, जो हवा में ईंधन भरने के काम आते थे.

    वहीं संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी के ख़लीफ़ा इकोनॉमिक ज़ोन इलाक़े में मिसाइल का मलबा गिरने से 5 भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं.

  19. दिग्गज गोल्फ़ खिलाड़ी टाइगर वुड्स गिरफ़्तारी के बाद रिहा, पुलिस ने क्या बताया

    अमेरिका के पूर्व गोल्फ़ खिलाड़ी टाइगर वुड्स को शुक्रवार को फ़्लोरिडा में एक कार दुर्घटना के बाद गिरफ़्तार किया गया.

    पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 50 साल के टाइगर वुड्स पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप है.

    फ़्लोरिडा के जुपिटर आइलैंड में टाइगर वुड्स की लैंड रोवर कार एक अन्य ट्रक से टकराकर पलट गई थी. टाइगर को नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में हिरासत में लिया गया.

    कम से कम आठ घंटे जेल में बिताने के बाद, उन्हें शुक्रवार शाम को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया.

    दुर्घटना के बाद वुड्स पैसेंजर दरवाज़े से रेंग कर निकले. हालांकि ब्रेथ एनालाइज़र टेस्ट में वो पास हो गए लेकिन युरिन टेस्ट कराने से इनकार कर दिया. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है.

    शेरिफ़ बुडेनसीक ने पत्रकारों को बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब वुड्स एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे.

  20. अमेरिका-इसराइल और ईरान युद्ध में 'यमन की एंट्री', दाग़ी मिसाइल

    इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने कहा है कि उसने यमन से दागी गई एक मिसाइल को इंटरसेप्ट किया है.

    रॉयटर्स और एएफ़पी की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिका-इसराइल का ईरान से युद्ध शुरू होने के बाद पहली मिसाइल है जो यमन से दागी गई है.

    आईडीएफ़ ने टेलीग्राम पर लिखा, "यमन से इसराइल की तरफ छोड़ी गई मिसाइल को इंटरसेप्ट किया गया है, हवाई सुरक्षा सिस्टम खतरे को रोकने के लिए आईडीएफ़ काम कर रहा है."

    यमन में हूती गुट के प्रवक्ता याह्या सरी ने टेलीग्राम पर बयान जारी किया.

    उन्होंने कहा, "अगर कोई और देश अमेरिका और इसराइल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ आता है,तो हमारे हाथ ट्रिगर पर हैं और हम सीधे सैन्य हस्तक्षेप करेंगे."

    "अगर लाल सागर का इस्तेमाल अमेरिका-इसराइल ईरान या किसी मुस्लिम देश के ख़िलाफ़ हमले के लिए करते हैं या अगर ईरान के ख़िलाफ़ हमले बढ़ते रहते हैं तो हम इसमें दखल देंगे."

    इससे पहले ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर भी हुआ, जिसमें कई अमेरिकी सैनिक घायल हो गए.

    पिछले 24 घंटे में कुवैत पर भी हमले की कोशिश हुई, जिसमें छह ड्रोन गिराए गए हैं. कुवैत नेशनल गार्ड ने एक्स पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.

Trending Now