अरबों से खरबों का सफ़र: 19 साल में 36 गुना बढ़ गई आईपीएल की इस टीम की क़ीमत

    • Author, मिर्ज़ा एबी बेग
    • पदनाम, बीबीसी उर्दू
    • ........से, दिल्ली
  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

क्रिकेट की सबसे अमीर लीग आईपीएल में पहली बार की चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) रिकॉर्ड क़ीमत में बिकी हैं.

हालांकि इंडियन प्रीमियर लीग और इसे चलाने वाली संस्था भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन भारतीय मीडिया में इससे जुड़ी ख़बरें चल रही हैं.

आरसीबी को आदित्य बिड़ला समूह के नेतृत्व में ख़रीदने वाले कंसोर्टियम के अनुसार, यह डील लगभग 16,500 करोड़ रुपये (1.78 अरब डॉलर) में हुई है.

वहीं, स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी के नेतृत्व में एक कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को ख़रीदने के लिए 1.63 अरब डॉलर की कामयाब बोली लगाई.

'450 करोड़ का निवेश 16,500 करोड़ में बदल गया'

आरसीबी ख़रीदने वाले ग्रुप 'आदित्य बिड़ला समूह' की वेबसाइट के अनुसार, "आदित्य बिड़ला समूह, टाइम्स ऑफ़ इंडिया समूह, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी, बीएक्सपीई (ब्लैकस्टोन) ने आरसीबी का 100 फ़ीसदी मालिकाना हक़ हासिल करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं."

इस समझौते के तहत मेंस इंडियन प्रीमियर लीग फ़्रेंचाइज़ी और वीमेंस यूनाइटेड लीग के लिए ब्रिटिश कंपनी डियाजियो पीएलसी की सहायक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) से 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली गई है.

दूसरी ओर आरसीबी के पूर्व मालिक और अरबपति कारोबारी विजय माल्या (जो भगोड़े घोषित हैं और कई वर्षों से उन्हें भारत लाने की कोशिशें जारी हैं) ने अपने 'एक्स' अकाउंट पर इस मामले में टिप्पणी करते हुए नए मालिकों को बधाई दी है.

उन्होंने लिखा, "मेरा एक जुनून रॉयल चैलेंज ब्रांड बनाना था और इसी को ध्यान में रखते हुए मैंने फ़्रेंचाइज़ का नाम आरसीबी रखा. मुझे अपने 450 करोड़ रुपये के निवेश को 16,500 करोड़ रुपये तक बढ़ते हुए देखकर बेहद ख़ुशी हुई."

"आरसीबी हमेशा मेरे डीएनए का हिस्सा रहेगी, जिसमें अमिट यादें शामिल हैं. साथ ही युवा विराट कोहली का चयन भी शामिल है जो अब दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में शुमार हैं."

अगर विजय माल्या के हिसाब से देखा जाए तो 19 साल में आरसीबी की क़ीमत में 36 गुना इज़ाफ़ा हुआ है.

जब हमने बीसीसीआई से संपर्क करने की कोशिश की तो बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के कार्यालय से हमें जवाब मिला कि जैसे ही इससे संबंधित दस्तावेज़ उनके पास आएंगे तो वह इसके बारे में जानकारी देंगे.

इससे पहले भारत में आईपीएल की शुरुआत करने वाले और आईपीएल के पहले चेयरमैन ललित मोदी (जो भगोड़े घोषित हैं) से भी संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.

राजस्थान रॉयल्स की बिक्री

दूसरी ओर 'द हिंदू' और 'टाइम्स ऑफ इंडिया' अख़बारों की रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में रहने वाले कारोबारी काल सोमानी के नेतृत्व में एक कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स की बोली जीत ली है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह कंसोर्टियम बिड़ला समूह के समर्थन वाली बोली और टाइम्स ऑफ़ इंडिया समूह के ख़िलाफ़ मुक़ाबला कर रहा था.

माना जा रहा है कि इसने लगभग 1.63 अरब डॉलर यानी करीब 15,300 करोड़ रुपये की बोली लगाई और मालिकाना हक़ हासिल कर लिया है लेकिन इसके स्वामित्व में बदलाव जून में लागू होने की उम्मीद है.

'द टाइम्स ऑफ़ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन स्थित व्यवसायी मनोज बडाले ने जयपुर की टीम राजस्थान रॉयल्स को 67 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 620 करोड़ रुपये) में ख़रीदा था. यानी 19 साल में इसकी क़ीमत में लगभग 24 गुना की बढ़ोतरी नज़र आ रही है.

ध्यान रहे कि सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स के निवेशकों में से एक रहे हैं. वह एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी से जुड़े व्यवसायों में पकड़ रखते हैं.

उन्होंने अपने लिंक्डइन प्रोफ़ाइल पर राजस्थान रॉयल्स में अपने निवेश के बारे में बताया है.

इस कंसोर्टियम को वॉलमार्ट फ़ैमिली के रॉब वॉल्टन और हैम्प फ़ैमिली का भी साथ मिला हुआ है, जो डेट्रायट लायंस की सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखते हैं.

फ़ोर्ड परिवार से संबंध रखने वाली शीला फ़ोर्ड हैम्प भी इस समूह से जुड़ी हैं. फ़ोर्ड परिवार फ़ोर्ड मोटर्स कंपनी में अहम हिस्सेदारी रखता है.

मिस्टर सोमानी का खेलों से जुड़ाव इस बात से स्पष्ट है कि वह मोटर सिटी गोल्फ़ क्लब के साझा मालिक हैं. इसके साथ वह टीएमआरडब्ल्यू स्पोर्ट्स और टीजीएल गोल्फ़ लीग जैसे प्रोजेक्ट्स के शुरुआती चरण के निवेश में भी शामिल रहे हैं.

शेन वॉर्न की विरासत

इसी बीच भारतीय मीडिया में यह ख़बर भी चल रही है कि ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद राजस्थान रॉयल्स में शामिल होने के लिए सालाना फ़ीस कम रखी थी लेकिन उन्होंने सालाना 0.75 फ़ीसद शेयर की मांग की थी.

राजस्थान रॉयल्स की बिक्री के बाद स्थानीय मीडिया में कहा जा रहा है कि स्पिन के जादूगर ने अपनी असली व्यावसायिक क्षमता आरआर के साथ सौदे में दिखाई थी.

वह चार सीज़न तक इस टीम के साथ जुड़े रहे और इस तरह उन्होंने तीन प्रतिशत हिस्सा हासिल किया जिसके 460 करोड़ रुपये बनते हैं. यह रक़म उनके वारिसों को मिलेगी क्योंकि साल 2022 में उनका निधन हो गया था.

कुछ मीडिया घरानों ने उनकी कमाई की तुलना 18 सीज़न खेलने वाले विराट कोहली, रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी की कमाई से की है, जिनकी कमाई क्रमशः 230 करोड़ रुपये, 211 करोड़ रुपये और 192 करोड़ रुपये से ज़्यादा बताई जा रही है.

हालांकि राजस्थान रॉयल्स या बीसीसीआई की ओर से शेन वॉर्न के साथ ऐसे किसी समझौते की पुष्टि नहीं की गई है.

आईपीएल की कुल वैल्यू

इन ख़रीदारियों से यह पता चलता है कि खेलों की दुनिया में इंडियन प्रीमियर लीग का कितना महत्व है और इसमें कितने मुनाफ़े की उम्मीद की जा रही है.

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ स्पोर्ट्स एंड मैनेजमेंट और 'द टाइम्स ऑफ़ इंडिया' की रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले साल तक आईपीएल की कुल वैल्यू का अनुमान 18.5 अरब डॉलर लगाया गया था जबकि इसके रेवेन्यू का अनुमान 9.5 अरब डॉलर था.

'द इकोनॉमिक टाइम्स' ने इन्वेस्टमेंट बैंक 'हूलिहान लोकी' की एक रिपोर्ट के हवाले से लिखा है कि आईपीएल की वैल्यू में सालाना लगभग 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, लीग की ब्रांड वैल्यू 3.9 अरब डॉलर है. यह इसे हर एक मैच के हिसाब से दुनिया की दूसरी सबसे क़ीमती लीग बनाती है. इससे ऊपर केवल एनएफ़एल (नेशनल फ़ुटबॉल लीग) ही है.

दूसरी तरफ़ आईपीएल की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा इसके मीडिया राइट्स से आता है. साल 2023 से 2027 तक के लिए इन्हें 6.2 अरब डॉलर में बेचा गया है.

28 मार्च से शुरू होने वाली आईपीएल के इस 19वें सीज़न में दस टीमें हिस्सा ले रही हैं और इसमें कुल 84 मैच होंगे जो कि अब तक की रिकॉर्ड संख्या है. इसमें हर टीम दूसरी टीम के साथ दो-दो मैच खेलेगी.

धोनी के खेलने पर सस्पेंस

सनराइज़र्स हैदराबाद ने अपनी टीम में सबसे ज़्यादा बदलाव किए हैं जबकि ऋषभ पंत अब तक के सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में उनकी सेवाएं हासिल की हैं.

विदेशी खिलाड़ियों में शाहरुख़ ख़ान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरन ग्रीन को 25 करोड़ 20 लाख रुपये में ख़रीदा है. इसी टीम ने श्रीलंकाई खिलाड़ी मथीशा पथिराना को 18 करोड़ में हासिल किया है.

अनकैप्ड खिलाड़ियों में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से हर एक को 14 करोड़ 20 लाख रुपये में ख़रीदा है. यह किसी भी अनकैप्ड खिलाड़ी के लिए लगाई गई अब तक की सबसे बड़ी बोली है.

भारत के पूर्व कप्तान और सीएसके के लंबे समय तक कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी की इस टूर्नामेंट में क्या भूमिका होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है क्योंकि उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को सीएसके का स्थायी कप्तान बना दिया गया है, लेकिन उनके खेलने की उम्मीद है.

धोनी 44 साल के हैं और आईपीएल में हिस्सा लेने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी हैं जबकि बिहार के वैभव सूर्यवंशी 15 साल के हैं और सबसे कम उम्र के हैं. उन्होंने पिछले साल 14 साल 23 दिन की उम्र में अपना डेब्यू किया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)