लंबी उम्र के नुक़सान

हाल के शोधों से पता चला है कि दुनिया भर में लोगों की औसत आयु बढ़ रही है लेकिन इसके कुछ नुक़सान भी देखे गए हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, चिकित्सा जगत में हुई प्रगति और अधिक स्वास्थ्यकर जीवन शैली ने उम्र बढ़ाने में मदद की है.
जापान में अब औसत आयु 81 वर्ष हो गई है. यहां तक कि ब्राज़ील जैसे विकासशील देशों में भी पिछले दो दशकों में औसत आयु 10 साल बढ़ी है.
वैज्ञानिकों ने लंबी उम्र के आनुवांशिक चिन्ह भी ढूंढ निकाले हैं जिनसे ये पता चल सकता है कि कोई व्यक्ति 100 साल से अधिक जिएगा या नहीं.
ये बात भी सब जानते हैं कि महिलाएं पुरुषों की अपेक्षा अधिक जीती हैं.
लेकिन स्पेन में हुए एक नए शोध से पता चलता है कि बुढ़ापे में पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं विकलांगता से अधिक प्रभावित होती हैं.
महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित एक पत्रिका में ये अध्ययन प्रकाशित हुआ है जो कहता है कि 64 साल से ऊपर की महिलाओं में पुरुषों की अपेक्षा शारीरिक समस्याएं और अवसाद 30 प्रतिशत अधिक होता है.
ख़राब स्वास्थ्य का असर यौन गतिविधि पर भी पड़ता है और इसका भी महिलाओं पर अधिक प्रभावित पड़ता है.












