महिला विश्व टी-20: ऑस्ट्रेलियाई टीम पहुंची फ़ाइनल में

पढ़ने का समय: 2 मिनट

साल 2016 की चैंपियन मेज़बान वेस्ट इंडीज़ आईसीसी महिला विश्व टी-20 टूर्नामेंट के पहले सेमीफ़ाइनल में तीन बार की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम से 71 रनों से हारकर बाहर हो गई.

इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम फ़ाइनल में पहुंच गई है.

फ़ाइनल में उसका सामना दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा जिसमें भारत और इंग्लैंड की टीम आमने-सामने है.

वेस्ट इंडीज़ के सामने जीत के लिए 143 रनों का लक्ष्य था लेकिन उसकी पूरी टीम 17.2 ओवर में ही केवल 71 रन पर ढेर हो गई.

ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेलते हुए वेस्ट इंडीज़ की टीम की हार लगभग तब ही तय हो गई थी जब 10 ओवर के बाद उसके चार विकेट 44 रन पर गिर चुके थे, इसके बाद भी उसके बल्लेबाज़ों का पिच पर बस आना और जाना जारी रहा.

ऐसे लड़खड़ाया वेस्ट इंडीज़

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों के सामने वेस्ट इंडीज़ की बल्लेबाज़ों को जैसे सांप सूंघ गया.

उसकी केवल एक बल्लेबाज़ कप्तान स्टेफ़ानी टेलर दहाई के अंकों तक पहुंच सकीं और उन्होंने 16 रन बनाए.

ऑस्ट्रेलिया की एलीसे पैरी, डेलिसा कामिंसे और एशलीग़ गार्डनर ने दो-दो विकेट हासिल किए.

जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ख़ुशी से झूम उठी, दूसरी तरफ़ वेस्ट इंडीज़ की खिलाड़ियों के चेहरे आंसुओं में नहा गए.

ऑस्ट्रेलिया की पारी

इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी की दावत पाकर निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 142 रन बनाए.

ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर एलीसा हीली ने 46, कप्तान मेग लानिंग ने 31 और रशेल हेयंस ने 25 रन बनाए.

एलीसा हीली ने अपनी 46 रनों की पारी के दौरान 38 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का लगाया.

वेस्ट इंडीज़ की शकीरा सेलमन, स्टेफ़ानी टेलर, हैली मैथ्यूज़, एफी फ्लैचर और डिएंड्रा डोटिन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.

कमाल की बात है कि साल 2016 में हुए पिछले विश्व टी-20 के फाइनल में वेस्ट इंडीज़ ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात देकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था.

लेकिन अपनी ही ज़मीन पर वह एकतरफ़ा रूप से सेमीफ़ाइनल में हार गई.

ये भी पढ़ें-

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो सकते हैं.)