चीन छोड़ना चाहते हैं चेन ग्वांगचेंग

इमेज स्रोत, Reuters
चीनी कार्यकर्ता चेन ग्वांगचेंग ने कहा है कि उन्हें अपनी जान को खतरा है और इसीलिए वह चीन छोड़ना चाहते हैं.
चीन सरकार के विरोधी चेन ने बुधवार को बीजिंग में अमरीकी दूतावास को छोड़ने के चंद घंटों बात यह बात कही. वो छह दिन से अमरीकी दूतावास में शरण लिए हुए थे.
लेकिन अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें चेन के लिए मौजूद खतरों के बारे में कोई जानकारी नहीं है और चेन ने कभी उनसे शरण नहीं मांगी है.
गुरुवार को अमरीकी दूतावास छोड़ने के बाद चेन ने कई मीडिया संस्थानों को बताया कि अपनी पत्नी और बच्चों को मिली धमकियों के कारण उन्होंने अमरीकी दूतावास को छोड़ा.
चीन में अमरीकी राजदूत गैरी लॉक ने इस बात से इनकार किया है कि चेन पर अमरीकी दूतावास को छोड़ने के लिए दबाव डाला गया. उनके मुताबिक चेन ने ‘अपनी मर्जी’ से दूतावास छोड़ा.
ओबामा से अपील
अपनी पत्नी से बात करने के बाद चेन ने कहा कि वो चीन छोड़ना चाहते हैं क्योंकि चीन में उनके अधिकारों और सुरक्षा की “कभी गांरटी नहीं हो सकती.”
सीएनएन के साथ बातचीत में चेन ने कहा, “मैं राष्ट्रपति ओबामा से कहना चाहता हूं – मेरे परिवार को यहां से निकालने के लिए आप जो कुछ कर सकते हैं, कृपया कीजिए.”
अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन इस वक्त बीजिंग में हैं जहां चीन के साथ उनकी उच्च-स्तरीय व्यापारिक और सुरक्षा वार्ता हो रही है.
क्लिंटन चेन के लिए अपना समर्थन जताती रही हैं जो करीब दो साल से अपने घर में नजरबंद हैं. लेकिन गुरुवार को बातचीत के मौके पर उन्होंने चेन के नाम का जिक्र नहीं किया.
चीन-अमरीका रणनीतिक और आर्थिक वार्ता के उद्घाटन पर क्लिंटन ने कहा, “अमरीका मानता है कि कोई भी राष्ट्र कानूनी रूप से सार्वभौम मानव अधिकारों को खारिज नहीं कर सकता या इन अधिकारों का इस्तेमाल करने पर सजा नहीं दे सकता. अपने सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करके ही चीन और मजबूत होगा और अमरीका के लिए अधिक समृद्ध साझेदार बनेगा.”
चीन के तेवर गर्म
क्लिंटन की बात का जवाब देते हुए चीन के दाई बिंगुओ ने एक दूसरे की संप्रभुता का सम्मान किए जाने पर जोर दिया.

इमेज स्रोत, AP
उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रों के बीच संबंधों के सिलसिले में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के उन बुनियादी नियमों की तरफ ध्यान दिलाना चाहूंगा जिन पर अमल किया जाना चाहिए, खास कर चीन की संप्रभुता, मूल हितों और उसकी सामाजिक व्यवस्था का सम्मान होना चाहिए.”
इससे पहले चीन ने चेन के मुद्दे पर अमरीका से माफी मांगने को कहा है और उस पर अपने अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप का आरोप लगाया है.
चार वर्ष जेल में बिताने के बाद चेन ग्वांगचेंग, वर्ष 2010 से अपने घर में नजरबंद थे और अप्रैल में वहां से भागने में कामयाब हुए थे.
लगभग एक हफ्ते बीजिंग के अमरीकी दूतावास में रहने के बाद वो बुधवार को वहां से चले गए.
क्यों चुभते हैं चेन
चेन को यातायात में बाधा डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए चार साल जेल में गुजारने के बाद वर्ष 2010 से घर पर नजरबंद रखा जा रहा था.
वो जबरदस्ती गर्भपात और नसबंदी के खिलाफ शानदोंग प्रांत के लिनयी शहर में मुहिम चला चुके हैं.
चीन में 'एक बच्चे की नीति' के तहत अधिकारियों पर जबरदस्ती गर्भपात और नसबंदी कराने के आरोप लगते रहे हैं.
चेन पिछले महीने के आखिर में नजरबंदी से बच निकलने में कामयाब रहे थे.
































