सल्लू ने विवाद से पल्ला झाड़ा

    • Author, कोमल नाहटा
    • पदनाम, वरिष्ठ फ़िल्म समीक्षक

सलमान ख़ान इस समय किसी विवाद में बिल्कुल नहीं पड़ना चाहते. 18 अगस्त को अपनी फ़िल्म वांटेड की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने पत्रकारों से दूसरे सितारों के बारे में उनसे सवाल नहीं करने की विनती की.

सलमान ख़ान
इमेज कैप्शन, सलमान ख़ान की वांटेड जल्द ही आने वाली है

सब समझ गए कि सलमान का इशारा शाहरुख़ के नए विवाद की तरफ़ था. इससे पहले सलमान कह चुके हैं कि उन्हें भी न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर सुरक्षा कारणों से सवालों के जवाब देने पड़े हैं और सुरक्षा को लेकर अगर किसी व्यक्ति को रोका जाता है तो इसमें कोई बुराई नहीं है.

लेकिन इस एक टिप्पणी के बाद सलमान ने शायद क़सम खा ली है कि इस मामले को लेकर वह एक नया विवाद शुरू नहीं करेंगे. इसलिए उनके पत्रकारों से कहने के बावजूद जब एक महिला पत्रकार ने शाहरूख़ के साथ हाल ही में नेवार्क एयरपोर्ट पर हुई घटना पर सलमान की राय मांगी तो सलमान ने बात टाल दी.

लेकिन जब वही पत्रकार उसी सवाल को दोहराती गई तो सलमान ने उसको हाथ जोड़े और कहा- मेरी माँ बस भी कर.

ट्रायल के लिए साथ-साथ?

प्रियंका चोपड़ा और शाहिद कपूर साथ-साथ हैं या अलग-अलग- ये तो वो दोनों ही जानते हैं.

स्वाइन फ़्लू के कारण मुंबई में समय पर रिलीज़ नहीं हुई कमीने
इमेज कैप्शन, स्वाइन फ़्लू के कारण मुंबई में समय पर रिलीज़ नहीं हुई कमीने

लेकिन शनिवार को उन दोनों ने एक साथ मिलकर फ़िल्म कमीने के दो ट्रायल शो रखे थे जिसमें इंडस्ट्री के दिग्गजों को आमंत्रित किया था.

फ़िल्म शुक्रवार को रिलीज़ हो चुकी थी लेकिन फिर भी शनिवार को उन्होंने दो ट्रायल शो रखे क्योंकि मुंबई में फ़िल्म की रिलीज़ आगे बढ़ा दी गई थी.

मुंबई में स्वाइन फ़्लू की वजह से सारे सिनेमाघर चार दिनों तक बंद थे और सोमवार को ही खुले. इसलिए ट्रेड वाले सिनेमा के बजाए इस फ़िल्म को दो ट्रायल शो में देख पाए.

दो पाटों के बीच

प्रियंका चोपड़ा की बात निकली तो ये कहना पड़ेगा कि बेचारी प्रियंका इन दिनों अपने दो ब्वॉय फ़्रेंडों के बीच अपना ज़्यादा समय बिता रही हैं.

प्रियंका
इमेज कैप्शन, हरमन के साथ भी फ़िल्म कर रही हैं प्रियंका

फ़िल्म कमीने के प्रोमोशन के लिए प्रियंका और शाहिद कपूर एक दूसरे के साथ नज़र आ रहे हैं और आने वाली फ़िल्म ‘व्हाट्स योर राशि’ के लिए प्रियंका अपने पूर्व ब्वॉय फ़्रेंड हरमन बवेजा का साथ फोटो खिंचवा रही हैं.

शाहिद को बुरा न लगे, इसलिए प्रियंका ने ‘व्हाट्स योर राशि’ के संगीत रिलीज़ समारोह पर हरमन के साथ फ़ोटो खिंचवाते वक़्त फ़िल्म की सीडी अपने हाथ से नहीं छोड़ी.

कुछ फ़ोटोग्राफ़र ने प्रियंका और हरमन से सीडी बिना फ़ोटो के लिए पोज़ करने की मांग की. हरमन तो झट से मान जाते लेकिन उससे पहले ही प्रियंका बोल उठीं- नहीं भाई ‘व्हाट्स योर राशि’ का ऑडियो रिलीज़ फ़ंक्शन है, तो सीडी के साथ फ़ोटो होनी चाहिए.

शाहिद सुनते तो बहुत ख़ुश होते.

नाराज रामू

राम गोपाल वर्मा को ग़ुस्सा क्यों आता है? ग़ुस्सा इसलिए आता है कि उन्हें लगता है, उनके साथ नाइंसाफ़ी हो रही है.

रामगोपाल वर्मा
इमेज कैप्शन, पत्रकारों से नाराज़ हैं रामगोपाल वर्मा

उनकी ‘अज्ञात’ को दर्शकों ने पसंद नहीं किया, उससे उन्हें तकलीफ़ नहीं हुई.

लेकिन कुछ पत्रकारों ने उनकी फ़िल्म की और उनकी ख़ुद की इतनी निंदा की है कि उनसे ये बर्दाश्त नहीं हुआ.

रामू ने ने ट्रेड पत्रिकाओं में इश्तिहार दिया है, जिसमें उन्होंने कुछ पत्रकारों का नाम लेकर उन्हें एक्सपोज़ किया है.

शाहरुख ने जो किया....

आधी दुनिया ख़ुश है कि शाहरुख़ ख़ान ने नेवार्क एयरपोर्ट पर घटी घटना के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई और आधी दुनिया नाराज़ है क्योंकि उन्होंने सुरक्षा को लेकर इतना हंगामा किया.

शाहरुख़ ख़ान
इमेज कैप्शन, शाहरुख़ ख़ान की अगली फ़िल्म का नाम है माई नेम इज़ ख़ान

आधी दुनिया सोचती है कि ये सब पब्लिसिटी के लिए किया गया है और आधी दुनिया का सोचना है ऐसा सचमुच हुआ.

सच तो ये है कि ये घटना घटी ज़रूर, जिसकी वजह से शाहरुख़ नाराज़ हुए क्योंकि जिस सुरक्षा अधिकारी ने शायद शाहरुख़ को नहीं पहचाना और उनसे बहुत सारे सवाल पूछे उन्हें दूसरे अधिकारियों ने चौकन्ना किया कि जिससे वह इतनी पूछताछ कर रहे हैं वो बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं और सैकड़ों बार अमरीका आ चुके हैं.

शाहरुख़ ने इस घटना का फ़ायदा ज़रूर उठाया क्योंकि उनकी आने वाली फ़िल्म ‘माई नेम इज़ ख़ान’ की कहानी भी यही है कि अमरीका में उनके पात्र के धर्म की वजह से उनके साथ अन्याय होता है.

भाई जब हादसा हो ही गया, तो एक नायक इस हादसे को अगर अपनी आने वाली फ़िल्म की लोकप्रियता के लिए इस्तेमाल करता है, तो उसमें बुराई या ग़लत क्या है?

हाँ, अगर ये घटना शाहरुख़ के कहने से घटी होती तो ग़लत होता. पर जब घट चुकी थी और उसके बाद माई नेम इज़ ख़ान की पब्लिसिटी के लिए कुछ कहा गया तो शाहरुख़ की निंदा करनी सही नहीं है.

इंडस्ट्री की आयशा

आयशा टाकिया की शादी भले हो गई हो लेकिन वह इंडस्ट्री छोड़ के नहीं जा रही हैं.

और तो और आयशा अब फ़ैशन उद्योग से भी जुड़ना चाहती हैं.

हाल ही में, आयशा टाकिया आज़मी ने बताया कि फ़िल्मों में काम करने के साथ-साथ वह गारमेंट्स की ख़ुद की लाइन शुरू करने के लिए उतावली हो रही हैं.