प्रोमोशन के लिए कुछ भी करेगा

- Author, कोमल नाहटा
- पदनाम, वरिष्ठ फ़िल्म समीक्षक
सलमान ख़ान ने ना सिर्फ़ वांटेड की रिलीज़ से पहले प्रोमोशन में जी-जान लगा दी थी बल्कि रिलीज़ के बाद भी बोनी कपूर के साथ कंधे से कंधा मिलकर चल रहे हैं.
फ़िल्म की रिलीज़ के 10वें दिन सलमान ख़ान और बोनी कपूर कोलकाता गए, जहाँ वो दोनों सिनेमाघरों में गए और वहाँ के पत्रकारों से भी मिले.
आयशा टाकिया भी उनके साथ जाने वाली थी, लेकिन वो गोवा में थी, जहाँ से कोलकाता जाने वाली कोई सीधी फ़्लाइट नहीं है.
********************************************************************
लंबी दीपिका और फ़रहान

कार्तिक कॉलिंग कार्तिक में फ़रहान अख़्तर के साथ दीपिका पादुकोण काम कर रही हैं.
हालाँकि सुनने में ये जोड़ी थोड़ी अटपटी ज़रूर लग रही होगी, लेकिन अंदर के लोगों का कहना है कि फ़रहान और दीपिका एक-साथ ख़ूब जँचते हैं.
हाँ, दीपिक फ़रहान से लंबी ज़रूर हैं लेकिन जब दोनों एक साथ शूटिंग करते हैं, तब दीपिका हाई हील का सैंडिल नहीं पहनती.
********************************************************************
पाइरेसी का डर
पाइरेसी कांड में रिलायंस ऐडलैब्स के एक-दो लोगों के पकड़े जाने के बाद कंपनी हिल गई है.

रिलायंस ऐडलैब्स कंपनी इतनी हिली हुई है कि अब सुरक्षा कुछ ज़्यादा ही कड़ी हो गई है.
डर से रिलायंस ऐडलैब्स और वासू भगनानी की फ़िल्म डू नॉट डिस्टर्ब का कोई ट्रॉयल शो भी नहीं रखा गया था.
बस गुरुवार को एक ट्रेड शो का आयोजन किया गया था, जिसमें ट्रेड के लोगों के अलावा कलाकारों, उनके परिवारवालों और उनके दोस्तों को ही बुलाया गया था.
गोविंदा, सुष्मिता सेन, रितेश देशमुख, लारा दत्ता, सोहैल ख़ान- सबने रिलीज़ के एक दिन पहले ही फ़िल्म देखी.
********************************************************************
अजीब पहनावा

अब बात फ़िल्म डू नॉट डिस्टर्ब के प्रीमियर की. पता नहीं क्यों, फ़िल्म के कलाकार अजीब कपड़े पहनकर आए.
सुष्मिता सेन ने जो ड्रेस पहना था, वो इवनिंग ड्रेस कम ही नज़र आ रहा था. हालाँकि लारा दत्ता ने इस फ़िल्म में सेक्सी आइटम का किरदार निभाया है, लेकिन उन्होंने प्रीमियर में पंजाबी सूट पहन रखी थी.
रितेश देशमुख टोपी वाली टी-शर्ट पहनकर आएँ जबकि उस दिन बहुत गर्मी थी. और गोविंदा के तो क्या कहने.
वो तो वैसे भी इतने अजीब कपड़े पहनते हैं कि उस दिन कोई विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं थी. और ची-ची भैया ने किसी का दिल नहीं तोड़ा- ढंग के कपड़े पहनकर.
********************************************************************
ये इत्तिफ़ाक़

विपुल शाह ने लंदन ड्रीम्स का निर्देशन अपने हाथों लिया, उससे पहले इस फ़िल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी थे.
लेकिन दो-चार दिनों की शूटिंग के बाद ही संतोषी ने फ़िल्म छोड़ दी और कुछ ही महीनों में विपुल शाह ने इसके निर्देशन की बागडोर अपने हाथों में ले ली.
ख़ैर अब इत्तेफ़ाक़ देखिए. सलमान ख़ान, अजय देवगन और आसिन स्टारर लंदन ड्रीम्स 30 अक्तूबर को रिलीज़ होगी और उसके एक हफ़्ते बाद ही राजकुमार संतोषी की अजब प्रेम की गजब कहानी सिनेमाघरों में आएगी.
इस फ़िल्म में रणबीर कपूर और कटरीना कैफ़ की प्रमुख भूमिका है.
********************************************************************
लाजवाब गोविंदा
गोविंदा के बारे में लोग भले ही ये कहें कि वो अपने शरीर का ध्यान नहीं रखते हैं, बहुत मोटे हो गए हैं, उनके बाल झड़ गए हैं, लेकिन ख़ुद गोविंदा आजकल फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हर चीज़ को ख़ूबसूरत कहते हैं.

हाल ही में उन्होंने कहा कि उनके बारे में अगर कुछ ग़लत लिखा या बोला जाता है तो वो भी सलमान की तरह उसे ग़लत साबित करने में समय व्यर्थ नहीं करते हैं.
अक्सर मीडिया में ख़बरें आती हैं कि गोविंदा यहाँ लेट पहुँचे, या गोविंदा ने इस निर्देशक को तंग किया या उस निर्देशक को थप्पड़ मारा.
गोविंदा का कहना है कि अगर वो इन बातों को नकारते नहीं है तो वो इसलिए क्योंकि वे सलमान की तरह अपना काम करना चाहते हैं.
वे दूसरों की फैलाई गंदगी साफ़ नहीं करते हैं. वे अपने आसपास ख़ूबसूरती फैलाना चाहते हैं.












