You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
प्रेस रिव्यू: 'सिगरेट की तरह दें गंगा के पानी की चेतावनी'
गंगा में प्रदूषण का मसला लंबे समय से विवादों में बना हुआ है. अब नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने नाराजगी जाहिर करते हुए गंगा के पानी को लेकर चेतावनी जारी करने की बात कही है.
हिंदी अख़बार अमर उजाला ने इस ख़बर को प्रमुखता से छापा है. एनजीटी ने कहा है कि अगर आप सिगरेट के पैकेट पर चेतावनी देते हैं तो ये क्यों नहीं बताते कि किस क्षेत्र में गंगा का पानी पीने और नहाने के लायक है या नहीं.
जस्टिस ए के गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ ने एमसी मेहता की याचिका पर सुनवाई करते हुए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को गंगा के इस क्षेत्र में हर 100 किमी. पर डिस्प्ले बोर्ड लगाने और वेबसाइट पर सूचना प्रकाशित करने का आदेश दिया.
दिल्ली में 56 गायों की मौत
हिंदुस्तानके चौथे पन्ने पर छपी ख़बर के मुताबिक दिल्ली में घम्मनहेड़ा गौशाला में 56 गायों की मौत हो गई है.
सूचना मिलते ही निगम, सरकार, पुलिस अधिकारी देर शाम गौशाला में पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं.
गायों की मौत के पीछे स्थानीय निवासी प्रशासन की लापरवाही बता रहे हैं. लोगों का कहना है कि प्रशासन गायों के शव भी नहीं ले गया जिससे संक्रमण फैल रहा है.
हालांकि, प्रशासन इसके लिए गौशाला की देखभाल करने वाली आचार्य सुशील गौशाला के प्रबंधन को दोषी ठहरा रहा है.
गाजियाबाद और नोएडा में गिरीं इमारतें
इमारतों के धंसने और गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है. शुक्रवार को भी इमारत ढहन के तीन हादसे सामने आए.
नवभारत टाइम्स की ख़बर के मुताबिक गाजियाबाद के खेड़ा में शुक्रवार देर शाम एक पांच मंजिला इमारत गिर गई. इससे पहले नाऐडा सेक्टर 121 में गढ़ी चौखंडी में निर्माणधीन तीन मंजिला इमारत गिरी.
अवैध निर्माण के चलते इसे नोएडा प्राधिकरण ने तीन महीने पहले सील कर दिया था.
वहीं, साहिबाबाद के श्याम पार्क इलाके में शुक्रवार को एक बिल्डिंग धंस गई. शटरिंग लगाकर उसे गिरने से बचाया गया. इस इमारत से 28 परिवारों को बाहर निकाला गया.
बीएससी में लड़कियों ने की बराबरी
इंडियन एक्सप्रेस की एक ख़बर में दिए गए उच्च शिक्षा से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक बीएससी कोर्स में लड़कियों की संख्या लड़कों के बराबर और एमएससी कोर्स में लड़कों से ज़्यादा है.
ऑल इंडिया सर्वे ऑफ हाइअर ऐजुकेशन के इस डाटा में बताया गया है कि पहली बार साल 2017-18 में बीएससी कोर्स में प्रति 100 लड़कों के मुकाबले लड़कियों की संख्या भी 100 है. जबकि पिछले साल ये संख्या 94 और उससे पिछले साल 93 थी.
वहीं, एमएससी में लड़कियों की संख्या 171 तक है और ये आंकड़ा कई सालों से 100 से ज़्यादा ही बना हुआ है. इसके अलावा बीए और एमए कोर्स में भी लड़कियों संख्या लड़कों से ज़्यादा रही है.
सरकारी अस्पताल की बुरी हालत
टाइम्स के पहले पन्ने पर दी गई ख़बर के अनुसार दिल्ली के सुचेता कृपलानी अस्पताल की इमारत जर्जर हालत में है.
केंद्रीय सार्वजनिक कार्य विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने इस इमारत को असुरक्षित बताया है. सीपीडब्ल्यूडी पर ही इसके रखरखाव की ज़िम्मेदारी है.
इस इमरात में मरीजों के साथ-साथ अस्पताल का स्टाफ भी रहता है और सभी पर ख़तरा बना हुआ है. सीपीडब्ल्यूडी की एक जांच रिपोर्ट में इस इमारत को किसी और जगह शिफ्ट करने की बात भी कही गई है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)