सबसे छोटे डायनासोर का जीवाश्म

ब्रिटेन के ससेक्स में जीवाश्म विज्ञानियों ने दुनिया के सबसे छोटे डायनासोर के जीवाश्म की पहचान कर ली है.
यूनिवर्सिटी ऑफ़ पोर्ट्समथ के विशेषज्ञों के अनुसार जीवाश्मों का संग्रह करने वाले एक स्थानीय व्यक्ति ने इन जीवाश्मों को एक ईंट भट्टे के पास से खोजा था.
जीवाश्म विज्ञानी डॉक्टर स्टीव स्वीटमैन के अनुसार ये यूरोपीय जीवाश्म इतिहास में पाया गया अब तक का ये सबसे छोटा डायनासोर है.
चिड़िया की तरह के इस डायनासोर जीवाश्म की ऊँचाई लगभग 13 इंच है और लंबाई 16 इंच के आसपास.
जिस इलाके में ये जीवाश्म पाया गया है उस इलाके में पहले बड़े डायनासोर प्रजातियों के जीवाश्म भी मिल चुके हैं.
जीवाश्म विज्ञानियों के अनुसार ये डायनासोर लगभग 25 करोड़ साल पहले दुनिया के इस हिस्से में रहा करता था.
डायनासोर की इस प्रजाति को एशडाउन मैनिरैपटोरैन के नाम से जाना जाता है और ये मांसाहारी या सर्वभक्षी थे.
जीवाश्म विज्ञानियों का मानना है कि यह जीवाश्म पूरी तरह से विकसित डायनासोर के थे क्यों कि इनके सिर को जोड़ने वाली रीड़ की हड्डी धनुषाकार थी और ये पूरी तरह से विकसित थी.












